बरेली: 12 हजार घरों में तीन दिन रहेगा बिजली का संकट, 36 घंटे रहेगी गुल
कुतुबखाना बिजलीघर पर किया जाएगा मरम्मत का काम
बरेली, अमृत विचार। गर्मी शुरू होने के बाद बिजली विभाग को मरम्मत के काम याद आ रहे हैं। ऐसे में अब बिजली उपभोक्ताओं को गर्मी में परेशानी उठानी पड़ेगी। कुतुबखाना उपकेंद्र में काम होने के चलते करीब 12 हजार घरों में तीन दिन सुबह 6 से शाम 6 बजे तक बिजली गुल रहेगी। हालांकि इसकी सूचना उपभोक्ताओं को पहले ही दी गई है।
गर्मी में आए दिन फाल्ट होने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुतुबखाना पर पावर परिवर्तक नंबर एक (10 एमवीए) क्षतिग्रस्त को बदलने और अन्य मरम्मत का काम किया जाएगा। जिसके चलते रविवार, सोमवार और मंगलवार को सुबह 6 से शाम 6 बजे तक बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।
ऐसे में 36 घंटे तक करीब 12 हजार उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। कोहाड़ापीर, बजरिया पूरनमल, कटरा मान राय, गंदा नाला, शराफत मियां की दरगाह तरफ, आलमगिरीगंज, खंडसारी नाथ मंदिर, कोतवाली, बिहारीपुर, कुतुबखाना, मदारी दरवाजा, बबनपुरी, बड़ा बाजार, गला नवावान, गली आर्य समाज, बासमंडी समेत अन्य इलाकों में दिक्कत होगी। अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि काम होने के चलते तीन दिन तक बिजली का शटडाउन रहेगा। जिसको लेकर सभी उपभोक्ताओं को जानकारी दे दी गई है।
पेड़ों की छंटाई को लेकर भी लिया गया शटडाउन
गर्मियों में चलने वाली तेज हवा में पेड़ों की डालियां टूटकर लाइनों पर ना गिरें, इसकी वजह से शहरी क्षेत्र में पेड़ों की छंटाई का काम तेजी से किया जा रहा है। शहर में बेसू वन फीडर और किला फीडर पर 2-2 घंटे का शटडाउन लिया गया। इसके अलावा किला क्षेत्र में बाकरगंज, हुसैनबाग, मिनी बाइपास और रामपुर रोड आदि क्षेत्रों में लाइनों के ऊपर आने वाले पेड़ों की छंटाई की गई।
मिशन कंपाउंड में 3 घंटे, जिला अस्पताल फीडर पर 4 घंटे और कमल टाॅकीज एवं सिटी स्टेशन रोड फीडर पर ढाई-ढाई घंटे का शटडाउन लेकर पेड़ों की छंटाई की गई। शहामतगंज क्षेत्र में पांच घंटे का शटडाउन लिया गया। जिसके चलते बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- बरेली: आधे दिन की ओपीडी... लाइन में लगे रहे मरीज, समय से पहले ही चले गए डॉक्टर
