चित्रकूट: मृत गोवंशों को घसीटने का वीडियो वायरल होने से हड़कंप, जांच समिति गठित 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, चित्रकूट। सोशल मीडिया पर मृत गोवंशों से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। इसमें एक ट्रैक्टर चालक पीछे बांधकर दो मृत गोवंशों को घसीटता दिख रहा है। शुरुआत में इस वीडियो को पुराना बताकर मामले को हल्का करने की कोशिश भी की गई पर बात में मामले को तूल पकड़ता देख प्रशासन ने जांच बैठा दी है। उप जिलाधिकारी राजापुर प्रमोद झा ने बताया कि नायब तहसीलदार और सीवीओ को मौके पर भेजा गया है। हालांकि अमृत विचार इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।  

रविवार को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक ग्रामीण ट्रैक्टर के पीछे मृत गोवंशों को घसीटता नजर आ रहा है। कुछ जागरूक लोगों ने इसे व्हाट्सएप में तो कुछ ने फेसबुक में शेयर किया तो हड़कंप मच गया। प्रशासन भी सक्रिय हुआ। पता चला कि यह वीडियो पहाड़ी ब्लाक के ओरा गांव पंचायत का है। हालांकि शुरुआत में इस वीडियो को पुराना कहकर मामले को हल्का करने की कोशिश भी की गई पर जब कई गांववाले बाकायदा बयान देकर यहां तक कहने लगे कि ओरा की अस्थायी गौशाला में कोई व्यवस्था नहीं है और अक्सर यहां भूसा-चारा की कमी से गोवंशों की मौत होती है तो फिर जांच की बात की गई। एसडीएम राजापुर प्रमोद झा ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है। नायब तहसीलदार और चीफ वेटनरी आफीसर की जांच समिति गठित की गई है। दोनों मौके पर जाएंगे और तफ्तीश करके रिपोर्ट प्रशासन को देंगे।
   
ये भी पढ़ें - CM योगी ने गोरखपुर में किया कई परियोजनाओं का लोकार्पण, बोले - बिना भेदभाव, विकास है BJP का एजेंडा

संबंधित समाचार