हल्द्वानी: ओवरस्पीड चालान में हुई चार गुना वृद्धि...
हल्द्वानी, अमृत विचार। 2021-22 वित्तीय वर्ष की तुलना में 2022-23 वित्तीय वर्ष में चालानों की संख्या में वृद्धि रही। वायु प्रदूषण के मानकों का पालन न करने पर होने वाले चालान में दोगुनी वृद्धि और ओवरस्पीड के चालान में लगभग चार गुना वृद्धि हुई।
आरटीओ की तरफ से साल 2021-22 में वायु प्रदूषण के मानकों का पालन न करने पर 2736 वाहनों का चालान किया गया और 2022-23 में यह संख्या 4441 हो गई। 2022-23 वित्तीय वर्ष में नैनीताल में 368, हल्द्वानी में 346, रामनगर में 715, ऊधमसिंह नगर में 1859, काशीपुर में 753 और टनकपुर में 400 वाहनों के चालान हुए हैं। 2022-23 वित्तीय वर्ष में ओवरलोडिंग के 18026, बिना फिटनेस के 1022, बिना टैक्स के 4327, बिना लाइसेंस के 11779 चालान हुए हैं। ओवरस्पीड में 2021-22 में 2372 लोगों के चालान हुए जिसकी संख्या साल 2022-23 में 8712 पहुंच गई।
रास्ते पर पकड़े जाने वाले वाहनों से करों की वसूली भी 2022-23 वित्तीय वर्ष में ज्यादा रही। 2021-22 वित्तीय वर्ष में आरटीओ की तरफ से मार्ग पर 94 लाख से अधिक रुपये की टैक्स वसूली की गई थी और 2022-23 वित्तीय वर्ष में 1.33 करोड़ रुपये हुई।
