बरेली: 'वार्ड-43 के निवर्तमान पार्षद ने कराया भेदभाव से काम', जनता का फूटा दर्द- पीना पड़ रहा गंदा पानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है, प्रदेश में दो चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण में 4 मई और दूसरे चरण में 11 मई को वोटिंग होगी, जबकि मतगणना 13 मई को होगी। ऐसे में तमाम पार्टियों और निर्दलीय दावेदार अभी से अपने जोड़ तोड़ में जुट चुके हैं। साथ ही जनता को रिझाने के लिए रणनीति बना रहे हैं। जबकि टिकट के दावेदार पार्टी के कद्दावर नेताओं के चक्कर काट रहे हैं। वहीं बरेली की बात करें तो यहां 80 वार्ड हैं, जिनके दावेदारों के बीच अब जोर अजमाइश तेज हो गई है। 

वहीं राजनीतिक पार्टियां भी इस जद्दोजहद में हैं कि इस बार किन मुद्दों के साथ जनता के बीच में जाएं, स्मार्ट सिटी के वार्डों की बात करें तो, तमाम ऐसे वार्ड हैं, जो विकास के कोसों दूर हैं और यहां बशिंदों को कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। तो चलिए हम आपसे रूबरू कराते हैं इसी तरह के एक वार्ड 45 से, जो जगतपुर इलाका लगता है। यहां विकास के नाम पर जनता को ठगा गया है। क्षेत्र में कई जगह कच्ची सड़कें, जगह-जगह झूलते बिजली के तारों के साथ ही मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।

अमृत विचार की टीम ने जब वार्ड नंबर- 43 में जाकर वहां की जनता से उनका हाल जाना तो लोग अपनी पीड़ा छुपा नहीं सके और निर्वतमान पार्षद पर भेदभाव से काम कराने का आरोप लगाया। क्षेत्रवासियों ने बताया जगतपुर पानी की टंकी के नीचे लंबे समय से गंदा पानी भरा रहता है। इसके अलावा वहां बहने वाले नाले का पानी घरों में जा रहे सप्लाई के पानी को गंदा कर रहा है। जिसे वे लोग पीने को मजबूर हैं। इसके साथ ही कई जगह कच्ची सड़कें उनके लिए मुसीबत बनी हुई हैं। 

बच्चों को स्कूल जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि बरसात के समय में इन सड़कों से निकलना मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही कई जगह बिजली के जर्जर पोल भी हादसे को दावत दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार निवर्तमान पार्षद यामीन से शिकायत की, लेकिन निवर्तमान पार्षद ने भेदभाव से काम कराया है।

हिंदू बहुल्य क्षेत्र में कोई भी काम नहीं कराया गया। लेकिन मुस्लिम बहुल्य क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। इस दैरान चंद्रपाल राठौर, छोटे लाल शर्मा, चरण सिंह सोनकर, गुड्डू राठौर, कौशल कुमार वर्मा, राजा राठौर, बाबू राम प्रजापति, अर्जुन सक्सेना, ओम शंकर शर्मा, ओमप्रकाश कश्यप, झम्मन लाल राठौर, नरेश प्रजापति, रामअवतार फौजी, महेश, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

टंकी का गंदा पानी दे रहा संक्रमित रोगों को निमंत्रण
जहां एक ओर स्वास्थ्य विभाग संचारी रोग से बचाने के लिए अभियान चला रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ वार्ड- 45 में जगतपुर पानी की टंकी के नीचे गंदा पानी भरा हुआ है, जिसमें मलेरिया-डेंगू जैसे घातक मच्छर पनप रहे हैं। किसी भी समय क्षेत्र में बीमारियां फैल सकती हैं। लेकिन इस ओर अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने ध्यान नहीं दिया है और स्वास्थ विभाग की यह लापरवाही संचारी रोगों को बढ़ावा दे रही है।

यह भी पढ़ें- बरेली: बिजली विभाग के 40 कामों के टेंडर हुए पास, जल्द से जल्द काम शुरू कराने पर जोर

संबंधित समाचार