मुरादाबाद : मजदूर की बेटी सोनिया व अभिषेक ने नेशनल के लिए किया क्वालीफाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उपलब्धि : यूपी एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में लांग जम्प में सोनिया ने पाया पहला स्थान, दौड़ में अभिषेक का दूसरा स्थान

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर के मजदूर की होनहार बेटी सोनिया ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। उन्होंने यूपी एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में लांग जम्प में पहला स्थान हासिल कर यह उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही अभिषेक ने भी दौड़ में दूसरा स्थान हासिल कर प्रतियोगिता में जगह बनाई। 

मन में कुछ करने का जज्बा हो तो मंजिल पाई जा सकती है। यह साबित कर दिखाया है नवीन नगर निवासी वरम सिंह की पुत्री सोनिया ने। वरम 10 साल पहले धनौरा से यहां बच्चों के सपने पूरे करने पहुंचे थे। मजदूरी कर उन्होंने बच्चों को पढ़ाया लिखाया। परिवार में पत्नी राखी, तीन बेटी नीतू, दामिनी, सोनिया और दो बेटे विक्की, गौरव हैं। सोनिया की शुरू से ही खेलों में रूचि थी। इसलिए बेटी को सोनकपुर स्टेडियम भेजना शुरू कर दिया। सोनिया कोच सौरभ के नेतृत्व में लांग जम्प में करियर तराशने लगी। परेशानियों के बावजूद पिता ने बेटी के खेल में किसी तरह की अड़चन नहीं आने दी। सोनिया राज्य स्तर पर अभी तक सात गोल्ड जीत चुकी है।

लखनऊ में आयोजित हो रही यूपी एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में उसने अंडर 20 लांग जम्प में 5:31 जम्प लगा कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, राज्य स्तर पर 9 गोल्ड जीत चुके अभिषेक पाल ने 800 मीटर दौड़ में 1:54 सेकंड का समय निकाल कर दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

ये भी पढ़ें  : मुरादाबाद : 'सपा सरकार के कार्यकाल में था जंगलराज, अब जनता सुरक्षित'

संबंधित समाचार