रुद्रप्रयागः बद्री- केदारनाथ हाइवे दे रहा दुर्घटनाओं को दावत, लोहे के पैराफिट लगाने की मांग
रुद्रप्रयाग, अमृत विचार। बदरीनाथ हाईवे पर मुख्यालय से लगे पेट्रोल पंप से तिलणी तक काफी खतरनाक मार्ग है। जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
फिलहाल, चौड़ीकरण में हाईवे चौड़ा तो कर दिया गया है, कई खतरनाक जगहों पर कार्य करवा रही संस्था की ओर से लोहे के पैराफिट नहीं लगवाये गये जिससे हादसे होने की हर समय संभावना रहती है।
वहीं, केदारनाथ हाईवे पर बड़ी लापरवाही देखने को मिल रही है जो हादसों को दावत दे रही है। बीते कई साल पहले पेट्रोल पंप के शुरू होते ही लोहे के पैराफिट लगवाये गये थे लेकिन सड़क मरम्मती के कारण लोहे के बने पैराफिट हटा लिए गए थे, जिसके बाद आज तक वो पैराफिट नहीं लगाये जा सके।
आपको बता दें कि पुलिस की ओर से कई बार डेंजर जोन चिन्हित कर लोक निर्माण विभाग से एनएच पर पैराफिट लगाने के लिए अनुरोध किया गया था जिसके बाद विभाग की ओर से कुछ एक जगह पर पैराफिट लगे दिखाई दे रहे हैं। मुख्यालय स्थित पेट्रोल पंप से तिलणी के बीच पूर्व में करीब आधा दर्जन दुर्घटनाएं हुई हैं जिसमें कई लोगों की जान भी गई हैं।
वहीं, स्थानीय लोगों ने बदरीनाथ हाईवे पर पेट्रोल पंप से तिलणी, केदारनाथ हाईवे पर संगम से जागतोली, नैल, सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच पैराफिट लगाने की मांग की है।
एनएच लोनिवि के ईई राजवीर चौहान ने बताया कि यह क्षेत्र उनके अधीन नहीं है। जबकि केदारनाथ हाईवे पर डेंजर जोन पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं। जहां अब भी पैराफिट की जरूरत है वहां पर तय पैराफिट लगाये जायेगें।
