Banda News : अछरौंड खदान संचालक को अवैध खनन में 52 लाख की नोटिस, मौके पर मिला करीब छह हजार घनमीटर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में अछरौंड खदान संचालक को अवैध खनन में 52 लाख की नोटिस।

बांदा में अछरौंड खदान संचालक को अवैध खनन में 52 लाख की नोटिस। मौके पर करीब छह हजार घनमीटर अवैध खनन मिला। इसके संबंध में खदान के पट्टाधारक का स्पष्टीकरण भी तलब किया गया।

बांदा, अमृत विचार। अछरौंड बालू खदान इन दिनों वैध-अवैध खनन का अड्डा बन चुकी है। प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद यहां अवैध खनन और ओवरलोडिंग का खेल खुलेआम खेला जा रहा है और सरकारी राजस्व के साथ जलीय जीव जंतुओं को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने खदान पर पहुंच कर जांच की और अवैध खनन के साथ ही अवैध परिवहन होना भी पाया। इसके संबंध में खदान के पट्टाधारक का स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है।  

मटौंध थाना क्षेत्र की अछरौंड बालू खदान में एसडीएम सदर, क्षेत्रीय लेखपाल, क्षेत्राधिकारी नगर, नायब तहसीलदार और खान निरीक्षक की संयुक्त टीम ने काफी जद्दोजहद के बाद सौंपी अपनी जांच रिपोर्ट में बताया है कि अछरौंड खदान के पट्टाधारक मे.त्रिपाठी कांट्रैक्टर के प्रो.आनंद कुमार त्रिपाठी पुत्र देवी प्रसाद त्रिपाठी निवासी इलाहाबाद रोड, शोभा सिंह का पुरवा कर्वी चित्रकूट को गाटा संख्या 1130 के खंड संख्या 01 में रकबा 10.70 हेक्टेयर भूक्षेत्र में बालू खनन का पट्टा स्वीकृत किया गया है।

लेकिन जांच के दौरान टीम को स्वीकृत क्षेत्र के बाहर 5781.5 घन मीटर बालू का अवैध खनन और परिवहन किया जाना पाया गया। जांच रिपोर्ट पर जिलाधिकारी की मुहर लगने के बाद पट्टाधारक आनंद त्रिपाठी को नोटिस जारी किया गया है और अवैध खनन व परिवहन से हुई राजस्व क्षति का आंकलन करके 52 लाख 3 हजार 350 रुपए के सापेक्ष स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के आदेश िदए गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि बालू माफिया के स्पष्टीकरण के बाद प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

जलधारा में टीम को नही दिखा अवैध पुल  शहर की लाइफ लाइन केन नदी की जलधारा में भारी भरकम मशीनें गरज रही हैं और ट्रैक्टर निकालने के लिए नदी की जलधारा में अवैध पुल तक बना डाला है। हालांकि प्रशासन की टीम को अवैध पुल दिखाई नहीं दिया या फिर जांच टीम ने माफिया के रसूख के आगे पुल को देखने की जहमत ही नहीं उठाई।  खनिज अधिकारी अर्जुन कुमार ने बताया है कि बीते तीन दिनों में शहर के विभिन्न पुलिस चौकियों व थानों में 27 वाहन बालू का अवैध परिवहन करते पकड़े गए हैं, जिन्हें अलग अलग थाना चौकियों के सुपुर्द किया गया है। 

लोहरा में फिर गरजने लगी भारी भरकम मशीनें

कमासिन के लोहरा में खदान के दूसरे खंड में फिर से भारी भरकम मशीनें गरजने लगी हैं। हाल ही में जैन साहब के संचालन में चल रही लोहरा खदान के अवैध खनन का खामियाजा पड़ोसी जनपद चित्रकूट के गडोली घाट में किशोर की मौत से भुगतना पड़ा था, जिसके बाद अवैध खनन पर खूब हो हल्ला मचा और दोनों पक्षों की ओर से मुकदमेबाजी भी हुई। लेकिन मामला ठंडा पड़ते ही खनिज विभाग की मिलीभगत से खदान संचालक ने दूसरे खंड में बालू का खनन शुरू कर दिया है और धड़ल्ले से अवैध खनन को अंजाम दे रहा है। ग्रामीणों की मानें तो खदान संचालक को खुद को सत्ता का करीबी बताकर असलहों की दम पर अवैध खनन करा रहा है और दिन रात बागेन नदी की जलधारा को बाधित कर बालू की निकासी कर रहा है।

भाजपा नेता की पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार

गिरवां पहाड़ के पट्टाधारक की तहरीर पर भाजपा नेता अतुल मोहन द्विवेदी समेत पांच लोगों के खिलाफ रंगदारी वसूलने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ तो भाजपा नेता की पत्नी को आगे आना पड़ गया। सोमवार को भाजपा नेता की पत्नी अस्मिता द्विवेदी ने डीएम-एसपी को शिकायती पत्र देकर अपने पति सहित अन्य लोगों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की दुहाई दी और मामले की जांच करा न्याय की गुहार लगाई। शिकायती पत्र में कहा है कि उसके पति ने गिरवां पहाड़ पर स्थित भूतेश्वर नाथ मंदिर का अस्तिव बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। जिससे खफा होकर पट्टाधारक ने उनके खिलाफ फर्जी रंगदारी का मुकदमा दर्ज कराया है।

संबंधित समाचार