मेरठ: तारों से निकली चिंगारी से दो बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट, महिला किसानों ने की मुआवजा दिलाए जाने की मांग
मेरठ, अमृत विचार। चिरौड़ी गांव में मंगलवार को हाइटेंशन लाइन व एलटी लाइन के तारों के आपस में टकराने के चलते खेत में खड़ी गेहूं की दो बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। सूचना पर पहुंची महिला किसानों ने आस पास के किसानों व ग्रामीणों की सहायता से आग पर काबू पाया। चिरौड़ी गांव निवासी सोनिया व मोनिया ने बताया कि उन्होंने अपने खेतों में गेहूं की फसल उगाई थी।
बताया कि उनके खेतों के ऊपर से हाइटेंशन व एलटी लाइन होकर गुजर रही है। मंगलवार को तेज हवा चलने से तार आपस में टकरा गए और तारों से निकली चिंगारी के कारण उनकी दो बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। किसी तरह उन्होंने आग पर काबू पाया। उन्होंने भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर अध्यक्ष मनोज त्यागी, जसवीर सिंह, उपेंद्र प्रधान, जितेंद्र, सतीश व करमवीर के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। साथ ही मुआवजा दिए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि कपसाड़ बिजली घर से यह लाइन आ रही है। उन्होंने तार बदलने की मांग की।
ये भी पढे़ं- मेरठ: 38 नमूनों का मीट हुआ अवमुक्त, सात नमूनों को किया गया नष्ट
