मेरठ: 38 नमूनों का मीट हुआ अवमुक्त, सात नमूनों को किया गया नष्ट
न्यायालय के आदेश पर मीट फैक्ट्री पहुंचकर टीम ने की कार्रवाई
मेरठ, अमृत विचार। पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की हापुड़ रोड स्थित मीट फैक्ट्री अल फहीम मीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड पर मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर सीओ किठौर के नेतृत्व में टीम पहुंची। टीम ने 38 नमूनों का मीट अवमुक्त किया। जबकि, सात नमूनों का मीट नष्ट कराया गया।
31 मार्च 2022 को पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की फैक्ट्री के अवैध संचालन की सूचना पर पुलिस प्रशासन व खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की थी। जिसमें, पुलिस को फैक्ट्री संचालित मिली और भारी मात्रा में मीट मौके पर मिला था। पुलिस ने इस मामले में पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी, पत्नी संजीदा बेगम, बेटा इमरान व फिरोज समेत 17 लोगों को नामजद किया था।
इसके बाद पुलिस ने हाजी याकूब, पत्नी व दोनों बेटे समेत सात लोगों पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की। पहली जांच में मीट गलत पाया गया। बाद में हाजी याकूब पक्ष ने न्यायालय में याचिका दायर कर फिर से मीट की जांच कराए जाने की मांग की थी। जिसमें, 98 नमूनों में से 53 नमूनों का मीट मानव योग्य मिला था। 38 नमूनों का मीट ऐसा था, जिसमें मानक पूरे नहीं थे। सात नमूनों का मीट किसी भी प्रयोग के लिए सही नहीं था।
न्यायालय के आदेश पर 27 फरवरी 2023 को पुलिस प्रशासन, खाद्य विभाग, एमडीए की टीम के नेतृत्व में 53 नमूनों का मीट पहले ही रिलीज कर दिया गया था। मंगलवार को फिर से टीम न्यायालय के आदेश पर सीओ किठौर रुपाली राय के नेतृत्व में फैक्ट्री पहुंची। टीम ने सात नमूनों के मीट को नष्ट कराया। जबकि, मानक रहित 38 नमूनों का मीट अवमुक्त किया गया।
यह भी पढ़ें- मेरठ: राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने मृतक विशू के परिजनों को दी सांत्वना
