मेरठ: राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने मृतक विशू के परिजनों को दी सांत्वना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेरठ, अमृत विचार। पलड़ा गांव में मृतक विशू की हत्या के बाद आरोपियों के घर की गई आगजनी के मामले में मंगलवार को गांव में शांति पूर्ण तनाव रहा। गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा। राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने गांव पहुंचकर मृतक विशू के परिजनों को सांत्वना दी और मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। 

रविवार को पलड़ा गांव निवासी विशू की बाइक सवार दो युवकों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। सोमवार को गांव में पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा। अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने के दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घर व खेतों में खड़ी फसल में आगजनी कर दी थी। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया था।

मंगलवार को भी गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा रहा और शांति पूर्ण तनाव रहा। गांव में जगह जगह पुलिस बल तैनात रहा। राज्यमंत्री दिनेश खटीक गांव पहुंचे। उन्होंने, मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शासन प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि जो भी आर्थिक मदद का आश्वासन दिया गया था, उसे जल्द पूरा कराया जाएगा। साथ ही मृतक की पत्नी को नगर पालिका मवाना में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया।  उन्होंने, ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की।

ये भी पढ़ें- मेरठ: भगवान परशुराम की मूर्ति तोड़ी, ग्रामीणों में रोष

संबंधित समाचार