हल्द्वानी: संवासनियों ने बनाए जूट के बैग, सभी ने तारीफ की
हल्द्वानी, अमृत विचार। कालाढूंगी रोड स्थित राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र में इन दिनों 13 संवासिनियां निवास कर रही हैं। इनमें कुछ मानसिक रुप से अस्वस्थ्य हैं तो कुछ दिव्यांग हैं। इन संवासनियों को मूल धारा से जोड़ने और उन्हें खुशनुमा माहौल देने के लिए लगातार प्रसास किए जा रहे हैं।
सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से समय-समय पर इन्हें कैंडल, राखी,पेटिंग और सिलाई-कढ़ाई जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन दिनों यहां संवासनियां जूट के थैले बनाने का प्रशिक्षण ले रही हैं।
जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन और सम्प्रेक्षण गृह की अधीक्षिका कंचन आर्य ने बताया कि संवासनियों द्वारा तैयार किए गए जूट के इन थैलों को बाजार भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वह आय अर्जित कर सकें। बहरहाल संवासनियां ऐसे रचनात्मक कार्यों से काफी खुश हैं। लगातार ऐसे कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर प्रतिभाग कर अपना भविष्य भी संवार रहीं हैं।
