बरेली: नोडल साहब समझे ही नहीं... दुकानें किसकी चल रही हैं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नोडल अफसर के आदेश के बावजूद न पुराना बस अड्डे से अवैध दुकानें हटीं न नोटिस जारी हुए, रोडवेज के अफसरों का तर्क, बस अड्डा परिसर में कोई अवैध दुकान ही नहीं

बरेली, अमृत विचार : रोडवेज के पुराना बस अड्डे पर चल रहीं अवैध दुकानें नोडल अफसर श्याम बाबू के निर्देश के बावजूद नहीं हटीं। स्थानीय अधिकारियों ने दुकानें हटाने के लिए कोई कार्रवाई करना तो दूर, नोटिस तक जारी नहीं किए। उल्टे अब कहा जा रहा है कि बस अड्डा परिसर में कोई दुकान अवैध ही नहीं है। बता दें कि खुद अफसरों पर बस अड्डा परिसर में अवैध दुकानें चलवाने के आरोप लगते रहे हैं।

ये भी पढ़ें - बरेली: घूमने के बहाने लाई सहेली, बुला लिया बॉयफ्रेंड

रोडवेज के बरेली रीजन के नोडल अधिकारी श्याम बाबू ने शनिवार को शहर के पुराना और सेटेलाइट बस अड्डे का निरीक्षण किया था। इस दौरान पुराना बस अड्डा परिसर में कई अवैध दुकानें मिलने पर उन्होंने स्थानीय अधिकारियों पर नाराजगी जताई थी, साथ ही दुकानदारों को फौरन नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर सभी अवैध दुकानें हटाने का निर्देश दिया था। नोडल अफसर के लौटने के बाद रोडवेज के अधिकारियों ने न दुकानदारों को नोटिस जारी किए न उनकी अवैध दुकानें हटाने के लिए कोई कार्रवाई।

अब अफसरों ने पुराना अड्डे पर कोई अवैध दुकान होने से ही इन्कार कर दिया है। एआरएम ,संजीव श्रीवास्तव का दो टूक कहना है कि नोडल अधिकारी ने गंदगी पर नाराजगी जताई थी जबकि बस अड्डे पर हर रोज सफाई कराई जाती है। अतिक्रमण का तो उन्होंने कोई जिक्र ही नहीं किया था। पुराने बस अड्डे पर कोई दुकान अवैध तरीके से नहीं चल रही है। पिछले दिनों नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटा चुकी है।

ठेले पर एक कैंटीन का अनुबंध, चल रही हैं दो जगह दुकानें: पुराना बस अड्डे पर एक कैंटीन का अनुबंध है। इसके अनुसार यह कैंटीन ठेले पर चलाई जानी है लेकिन अधिकारियों की साठगांठ से एक ही अनुबंध पर दुकान का भी संचालन किया जा रहा है। बस अड्डे के आसपास भी कई अवैध दुकानें चल रही हैं। मुख्य द्वार पर तो कब्जों की यह हालत है कि अवैध दुकानों की वजह से जाम तक की समस्या बनी रहती है।

इसके अलावा नोडल अधिकारी के सफाई रखने के निर्देश भी हवा में उड़ा दिए गए। मंगलवार दोपहर पुराने बस अड्डे पर कई जगह गंदगी के ढेल लगे हुए थे। गंदगी के बीच बैठकर ही यात्री बसों का इंतजार कर रहे थे।

ये भी पढ़ें - बरेली: मनचले शोहदे की तलाश में पुलिस, दो बहनों के लिए बना मुसीबत 

संबंधित समाचार