कानपुर निकाय चुनाव: मेयर के चुनाव में किन्नर लड़ा सकती है ‘आप’
मुद्दा होगा, हाउस टैक्स हाफ, वाटर टैक्स माफ, वार्डों के संभावित प्रत्याशियों का प्रशिक्षण शुरू
कानपुर, अमृत विचार। आम आदमी पार्टी ने नगर निगम चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी है। हाउस टैक्स हाफ, वाटर टैक्स माफ के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी जनता के बीच वोट मांगने जाएगी। ‘आप’ ने किन्नर लाजोरानी को मेयर प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारने का निर्णय लगभग ले लिया है। पांच संभावित उम्मीदवारों का पैनल पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह को भेजा जाएगा। पार्टी प्रवक्ता मदनलाल भाटिया ने बताया कि चुनाव घोषणा पत्र की ड्राफ्टिंग, नारों के गढ़ने का काम चल रहा है। फिलहाल ‘आप’ का चुनावी मु्द्दा हाउस टैक्स हाफ, वाटर टैक्स माफ होगा।
नगर अध्यक्ष उमेश यादव का कहना है कि हफ्ते भीतर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किन्नर लाजोरानी को लड़ाना न होता तो आवेदन क्यों स्वीकार करते। मेयर की टिकट के लिए सपा नेता मरहूम महताब आलम की बहू उजमा जहीर, महिला प्रकोष्ठ की रश्मि पांडेय समेत पांच दावेदार हैं।
इसी के साथ ‘आप’ के वरिष्ठ नेताओं ने वार्ड की टिकट के दावेदारों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। पार्टी के प्रवक्ता तीन बार पार्षद रहे मदनलाल भाटिया ने बताया कि एक बार में सात से आठ दावेदारों को बताया जा रहा है कि एक वार्ड प्रत्याशी को क्या-क्या जरूरत पड़ती है। इन्हीं में से कोई एक पार्टी का प्रत्याशी बनाया जा सकता है। पार्टी का आधार मजबूत करने के लिए जिला इकाई के सभी पदाधिकारी जुटे हैं। जिलाध्यक्ष यादव कहते हैं कि नामों का पैनल लगभग पूरा हो चुका है। ‘आप’ कानपुर में धमाकेदार एंट्री मारेगी।
उधर निर्वाचन कार्यालय से जुड़े अधिकारी ने बताया कि किन्नर चाहें तो महिला सीट पर नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इस मामले सुप्रीमकोर्ट के एक फैसले का हवाला देते हुए कहा गया है कि 15 अप्रैल 2014 को नेशनल लीगल सर्विसेज अथारिटी बनाम यूनियन ऑफ इंडिया व एक अन्य मामले मे सुप्रीमकोर्ट ने कहा है कि त्रिस्तरीय पंचायतों एवं नगरीय निकायों के चुमाव में किन्नर अपनी इच्छा के अनुसार पुरुष एवं महिला सीट पर नामांकन करा सकता हैं। ‘आप’ के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि इसी आधार पर किन्नर का आवेदन स्वीकार किया गया है।
यह भी पढ़ें;-कानपुर निकाय चुनाव: भाजपा- मेयर की टिकट के लिए नीतू सिंह लगभग तय
