बहराइच: गेहूं की कटाई कर रही महिला को खींच ले गया बाघ, बुरी हालत में मिला शव
बहराइच, अमृत विचार। जिले के मोतीपुर रेंज के हंसुलिया गांव निवासी एक महिला अपने खेत में गेहूं की कटान कर रही थी। शाम को जंगल से निकल आया बाघ महिला को खेत से खींच ले गया। इसके बाद बाघ ने महिला को निवाला बना लिया। देर रात को महिला का शव दूसरे के खेत में बरामद लिया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत हंसुलिया निवासी कैलाश के खेत में गेहूं लगी थी। कैलाश ने बताया कि खेत जंगल से सटा हुआ है। मंगलवार शाम को सात बजे पत्नी रत्ती देवी (50) खेत में गेहूं की कटाई कर रही थी। तभी जंगल से बाघ निकलकर खेत में पहुंच गया। बाघ ने महिला को निवाला बना लिया। महिला का क्षत विक्षत शव वन रेंज के वैधी जंगल के पास मुसीर के खेत से बरामद हुआ। शरीर के कई हिस्से को बाघ खा गया था। बाघ के हमले की जानकारी रेंज कार्यालय पर दी गई। पुलिस को भी घटना से अवगत कराया गया। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह,वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्य समेत अन्य टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मृतक महिला के आश्रित को त्वरित सहायता के रूप में 10 हजार रुपये दिया जा रहा है।
जांच के बाद होगी जानकारी
हंसुलिया गांव निवासी महिला की मौत जंगली जीव के हमले में हुई है। बाघ ने हमला किया है या तेंदुआ इसकी जांच पगचिन्हों से की जा रही है। फिलहाल जिस तरह से मांस खाया है, उससे बाघ का हमला लग रहा है।
-डीएफओ आकाशदीप वधावन
ये भी पढ़ें -रायबरेली: प्रसव के बाद सीएचसी में प्रसूता की मौत , परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
