हवा में उड़े दावे- एक साल बीता, नहीं बना चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग
गिट्टियों भरी सड़क से गुजरने को मजबूर होगें परिक्रमार्थी
मिल्कीपुर/ अयोध्या, अमृत विचार। साल भर पहले प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत जिस चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग निर्माण शुरू किया गया था वह अभी भी अधूरा है। छह महीने में निर्माण के दावों के बावजूद साल भर बाद भी इसका निर्माण पूरा नहीं हुआ। कार्यदायी संस्था और ठेकेदारों द्वारा इसकी कोई सुधि नहीं ली गई है। यह हाल तब है जब गुरुवार को चौरासी कोसी परिक्रमा को निकले परिक्रमार्थियों का जत्था इसी सड़क से होकर गुजरेगा। गिट्टियों से भरी इस सड़क पर परिक्रमार्थियों को जिम्मेदारों की लापरवाही का दंश भोगना पड़ेगा।
बीकापुर व मिल्कीपुर तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य की शुरुआत एक वर्ष पूर्व हुई थी। शुभारंभ के बाद बस गिट्टी बिछाने तक का काम ही एक साल में पूरा हो सका। अब कार्यदाई संस्था की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों, राहगीरों और वादकारियों को भुगतना पड़ रहा है। बता दें कि चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग से गुरुवार को चौरासी कोसी परिक्रमा करने वाले परिक्रमार्थी व साधु संतो का काफिला भी पहुंचने वाला है। काफिले में मिल्कीपुर से भाजपा के बाबा गोरखनाथ भी शामिल रहेंगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीकापुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत रूरूखास, पूरे देवासिया पारा से मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र की आस्तिकन बाजार के राजा बाबा देव स्थान तक चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग पर गिट्टी डाल छोड़ दी गई है। लोगों का चलना दुभर हो गया है। स्कूली बच्चे व राहगीर चोटिल हुआ करते है।
इसे लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व जिपं सदस्य विनय कुमार सिंह द्वारा पिछले छह माह में डीएम व प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधिशासी अभियंता सुखबीर सिंह यादव सहित उच्च अधिकारियों को एक दर्जन से अधिक प्रार्थना पत्र दिया चुके हैं। इसके बाद भी अब तक सड़क को लेकर किसी की नींद नहीं टूटी।
ये भी पढ़ें - प्रयागराज: नैनी सेंट्रल जेल में पहुंची अधिकारियों की टीम, मारा छापा
