Chitrakoot: सफाई या दिखावा- एक ही जगह को साफ करने की मारामारी, सफाईकर्मियों को भी नसीब हो पाता यह सामान और सम्मान
चित्रकूट में एक ही जगह को साफ करने की मारामारी।
चित्रकूट में एक ही जगह को साफ करने की मारामारी। सफाईकर्मियों को भी यह सामान और सम्मान नसीब हो पाता।
चित्रकूट, अमृत विचार। राजनीति क्या न करा ले। जो लोग घरों में भी सफाई के लिए झाड़ू न उठाते होंगे, वे सार्वजनिक मूत्रालय में सफाई करने के लिए मारामारी तक कर रहे थे।
मुख्यालय के बस स्टैंड का नजारा बुधवार को अलग-अलग सा था। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और जिला प्रभारी नरेंद्र कश्यप के साथ भाजपाई सफाई का संदेश देने के लिए एकजुट हुए। बस स्टैंड के सार्वजनिक विसर्जन स्थल में कोई पानी डाल रहा था तो कोई झाड़ू लिए खड़ा था और कोई वहां की गंदगी रगड़ रहा था। कोई टायलेट क्लीनर डाल रहा था। सब हंस रहे थे। एक आवाज आई, ...तो कर लेने दो...।
इनमें सांसद आरके सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, महामंत्री आलोक पांडेय, सांसद प्रतिनिधि शक्ति सिंह तोमर आदि आदि तमाम नेता अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को बेताब थे। इसके बाद इनका कथित सफाई अभियान यहीं नहीं रुका। बस स्टैंड को भी झाड़ू लगाकर साफ किया गया। कुछ लोग मोबाइल से वीडियो भी बना रहे थे। ऐसे में वहां खड़े एक व्यक्ति ने चुटकी भी ली कि ये लोग घर में एक तिनका भी न उठाते होंगे पर यहां सार्वजनिक स्थल तक साफ किया जा रहा है।
सब कुछ था नया-नया
भाजपाइयों के हाथों में ग्लब्स थे, मुंह पर मास्क था और सबके पास नई नई झाड़ू थीं। ऐसे में वहां मौजूद कुछ सफाईकर्मी आपस में बात करते नजर आए। इन लोगों का कहना था कि हमें सफाई और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए कोई जरूरी सामान नहीं दिया जाता और यहां देखो तो इनके पास सब कुछ है।
मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव बढ़ा- नरेंद्र
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यही वजह है देश हर बार भाजपा को चुन रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता योगी का नेतृत्व पसंद कर रही है। प्रदेश में बदमाशों की सफाई हुई है, कानून ने काम किया है, बुलडोजर ने भी काम किया है। नौजवानों के लिए काम हुआ है। झाड़ू वालों (आम आदमी पार्टी) से हमारी तुलना कभी नहीं की जा सकती। लोकपाल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में क्यों नहीं इसका गठन किया गया। उनसे जब पूछा गया कि सफाईकर्मियों के पास न तो यूनिफार्म होती है और न अन्य सामान तो उन्होंने कहा कि स्वच्छ मन से हमारी सरकार स्वच्छता के अभियान को चला रही है। सफाईकर्मियों की अपेक्षित आवश्यकताओं को पूरा करती है।
