हल्द्वानी: गाय तो बच गई पर खुद की जान से हाथ धो बैठा बाइकर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। दोस्तों के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रहा दोस्तों के ग्रुप का एक सदस्य हादसे का शिकार हो गया। गाय को बचाने में युवक की बाइक डिवाइडर से टकरा गई और करीब 10 दिन चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। 

मूलरूप से बहेड़ी बरेली उत्तर प्रदेश निवासी विकास गंगवार (19) पुत्र डोरी लाल परिवार के साथ रुद्रपुर में रहता था। पिता डोरी एक निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि विकास एक मेडिकल स्टोर में काम करने के साथ पढ़ाई कर रहा था। परिजनों की मानें तो बीती 3 अप्रैल को वह अपने दोस्तों के साथ पूर्णागिरि दर्शन करने गया था।

बाइक सवार दोस्त दर्शन कर लौट रहे थे और तभी बनबसा में एक गाय अचानक विकास की बाइक के सामने आ गई। विकास ने गाय से बचने की कोशिश की तो तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई और इस हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय अस्पताल के बाद विकास को गंभीर हालत में उपचार के लिए एसटीएच लाया गया, जहां गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।  

संबंधित समाचार