चित्रकूट: राजापुर की निवर्तमान नपं अध्यक्ष को 14 लाख की नोटिस- आदर्श मनोज द्विवेदी ने कहा, यह राजनीतिक साजिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संवाददाता, राजापुर (चित्रकूट) अमृत विचार। नगर पंचायत राजापुर के अधिशासी अधिकारी बीएन कुशवाहा ने निवर्तमान अध्यक्ष आदर्श मनोज द्विवेदी को धारा 81 के तहत नोटिस जारी किया है। उनसे लगभग 14 लाख रुपये की धनराशि सात दिन के अंदर जमा कराने को कहा गया है।

आदर्श मनोज द्विवेदी राजापुर के प्रतिष्ठित परिवार से हैं। वह पिछली बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ी थीं और जीतने के बाद भाजपा में शामिल हो गई थीं। इस बार भी इस परिवार को पंचायत चुनाव में प्रबल उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में बीते दिनों उनको राजापुर ईओ बीएन कुशवाहा की ओर से धारा 81 के तहत मिली नोटिस से राजनीतिक हल्कों में हलचल मच गई है।

नोटिस में ईओ ने कहा है कि उप्र शासन नगर विकास अनुभाग एक लखनऊ के 14 फरवरी के पत्र के निर्देश के क्रम में शासन द्वारा आपके विरुद्ध सिद्ध आरोपों में निकाय को हुई क्षतिपूर्ति के लिए 14,20,750 रुपये की धनराशि सात दिन के अंदर कार्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें। अन्यथा की स्थिति में उक्त धनराशि की वसूली भू राजस्व की भांति जिलाधिकारी के माध्यम से कराए जाने के लिए वसूली प्रमाणपत्र जारी कर दिया जाएगा। 

मेरे साथ राजनीतिक साजिश- आदर्श मनोज
उधर, इस संबंध में निवर्तमान अध्यक्ष आदर्श मनोज द्विवेदी ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के किसी भी काम की जानकारी ईओ को होती है और ईओ के बताए अनुसार अध्यक्ष हस्ताक्षर करता है। सिर्फ उनको ही इस तरह की नोटिस जारी करना सरासर गलत है। यह भी कहा कि धारा 81 के तहत नोटिस जारी करने का अधिकार जिलाधिकारी को होता है। ऐसे में यह नोटिस एकपक्षीय है। 14 फरवरी की नोटिस अब जारी की जा रही है, जिससे साफ होता है कि यह चुनाव के मद्देनजर साजिश है। उन्होंने दावा किया कि वह इस साजिश को नाकाम करेंगी और इस बार भाजपा के टिकट से चुनाव लड़कर जीतेंगी।

ईओ बोले, प्रक्रिया के तहत दी गई नोटिस
उधर, अधिशासी अधिकारी बीएन कुशवाहा ने कहा कि इस मामले में पूरी तरह प्रक्रिया का पालन किया गया है। फरवरी के बाद जब उनके पास यह नोटिस आएगी तभी तो दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निकाय की नियमावली में है कि ईओ धारा-72 के तहत नोटिस जारी कर सकता है। उन्होंने और ब्यौरा देने से यह कहकर इंकार कर दिया कि सब बातें फोन में नहीं बताई जा सकती। आइए, आमने-सामने बैठकर बताएंगे।

यह भी पढ़ें:-Atiq Son Asad Encounter : राजू दास ने की 51 हजार के इनाम की घोषणा, सपा के पवन ने एनकाउंटर को बताया फर्जी

संबंधित समाचार