सीआईएसएच बढ़ाएगा आम की मिठास, रहेगा सुरक्षित
प्रशांत सक्सेना, लखनऊ अमृत विचार। उत्तर प्रदेश से आम के निर्यात को रायबरेली रोड स्थित केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (सीआईएसएच) कैंपस तकनीकी सहयोग (टेक्निकल सपोर्ट) करेगा। यहां के उद्यान वैज्ञानिकों की विधि और देखरेख में रहमान खेड़ा में संचालित मंडी परिषद का मैंगो पैक हाउस आम की गुणवत्ता, ग्रेडिंग, सफाई, पैकिंग जैसे अन्य कार्य कर निर्यात करेगा।
विदेशों में आम कंटेनर से और सुरक्षित पहुंचाने की भी वैज्ञानिक विधि अपनाई जाएगी। इसका मकसद निर्यात होने वाले आमों की गुणवत्ता और बेहतर कर ज्यादा दिन तक सुरक्षित रखा जा सके। मैंगो पैक हाउस का संचालन डॉ. नेचर संस्था कर रही है। जिसे आम के निर्यात की बेहतरी के लिए सीआईएसएच ने पंजीकृत किया है।
आज दिल्ली से आएंगे महानिदेशक, मिलेगी अनुमति
सीआईएसएच हेडक्वाटर दिल्ली के महानिदेशक डॉ. हिमांशू पाठक आज रायबरेली रोड कैंपस केंद्र में आएंगे। जिनके, समक्ष मैंगो पैक हाउस के साथ अन्य दो संस्थाएं आम की उपलब्धता, निर्यात का लक्ष्य, काम करने के तरीके व गुणवत्ता आदि की जानकारी देंगे और महानिदेशक के माध्यम से संस्थान में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
रहमान खेड़ा से आसपास जिलों का आम होता निर्यात
लखनऊ के रहमान खेड़ा में संचालित मैंगो पैक हाउस से जिले के अलावा बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, हरदोई, प्रतापगढ़, वाराणसी, अयोध्या व आसपास के जिलों के आमों का निर्यात होता है। इस बार मैंगो पैक हाउस ने यूएई व खाड़ी देशों में इन्हीं जिलों से एक हजार टन आम के निर्यात का लक्ष्य रखा है। इसी तरह सहारनपुर से मेरठ, बुलंदशहर, अमरोहा, बागपत आदि आम पट्टी के जिलों के आम का सहारनपुर मैंगो पैक हाउस से निर्यात किया जाता है।
उत्तर प्रदेश से पांच वर्ष में इतना हुआ निर्यात
2018 : 456
2019 : 841
2020 : 388
2021 : 434
2022 : 76
नोट : आंकड़े टन में।
सीआईएसएच की तकनीक से निर्यात होने वाले आम की गुणवत्ता में और सुधार होगा। साथ ही ज्यादा दिन तक आम सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे अन्य देशों में भी उत्तर प्रदेश से आम का निर्यात बढ़ेगा- कैप्टन अकरम बेग, मैंगो पैक हाउस, रहमानखेड़ा, लखनऊ।
मैंगो पैक हाउस को आम के निर्यात के लिए सीआईएसएच तकनीकी सपोर्ट करेगा। आम की ग्रेडिंग, कूलिंग, पैकिंग से लेकर सभी तरह की विधि बताई जाएगी। जिससे गुणवत्ता सुधार के साथ निर्यात को बढ़ावा मिलेगा - मनीष मिश्रा, उद्यान वैज्ञानिक, सीआईएसएच (कैंपस)।
यह भी पढ़ें:-संतकबीरनगर: अग्निशमन स्मृति दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, अग्निकांड से बचाव के लिए निकाली गई जागरुकता रैली
