बरेली: मौत यहां कभी भी दे सकती है दस्तक, सिर पर झूल रहे बिजली के तार...लोग परेशान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कहने को शहर के जनप्रतिनिधि व अधिकारी शहर को स्मार्ट सिटी मामने लगे हैं, लेकिन शहर के कई मोहल्ले स्मार्ट सिटी का मखौल उड़ा रहे हैं। तमाम दावे इन स्थानों पर खोखले हो रहे हैं। यहां की जनता को वोट लेने के बाद ठगा जाता है। 

ऐसा ही हाल शहर की घनी आवादी वाले नई बस्ती बाकरगंज महबूबगंज का है। इस क्षेत्र में जितनी घनी आबादी है, उससे बड़ी यहां के लोगों की समस्याएं हैं। यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने जब बिजली के कनेक्शन लिए तो बिजली विभाग ने उन्हें कनेक्शन तो दे दिया, लेकिन आज तक इस क्षेत्र में पोल नहीं लगाए हैं। जिस कारण लोगों ने अपने पास से बल्लियों को लगवा कर घरों में कनेक्शन तो कर लिए लेकिन लटकते तारों में दौड़ता करंट हादसे को दावत दे रहे हैं।

कई बार इस मामले में बिजली अधिकारी से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं होती है, किसी भी दिन यहां इन जमीन से छूते तारों से बड़ा हादसा हो सकता है। तारों के जाल से कोई भी इसकी चपेट में आ सकता है, लेकिन अधिकारी क्षेत्र के हालात से नदारद हैं या यह कह सकते हैं कि वह जानबूझकर क्षेत्र में विकास नहीं करा रहे हैं।

बरसात में सड़क से निकलना हो जाता है दुश्वार
अभी तक इस क्षेत्र में सभासद ने सड़क और नाली का निर्माण नहीं कराया है, जिस कारण यहां बने प्लाट में पानी भरा रहता है। बरसात के समय में मिट्टी से कीचड़ बन जाती है और लोगों का यहां से निकलना दुश्वार हो जाता है। बरसात के दिनों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मिट्टी में फिसल कर वे लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं। कई बार इस बारे में सभासद से शिकायत भी की। लेकिन यहां सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है, ऊंची नीची सड़क राहगीरों के लिए आफत बन जाती है।

कॉलोनी तो बना दी मूलभूत सुविधाओं से छूटे लोग
जिस व्यक्ति ने बाकरगंज के मोहल्ला नगर में कॉलोनी को बनाया है उसने यहां सड़क का निर्माण नहीं कराया है। साथ ही विद्युत लाइन की सप्लाई भी सही नहीं है। तारों का जाल सिर पर मौत बनकर मंडराता रहता है। सिविल लाइन से लेकर पानी की सप्लाई भी क्षेत्र में नहीं है, जिस कारण वहां के लोगों को काफी दिक्कत होती हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र-छात्राओं ने की इंस्टीट्यूट की फीस वापस दिलाने की मांग

संबंधित समाचार