रुद्रपुर: छात्रा को ब्लैकमेल कर बना रहा था शारीरिक संबंध बनाने का दबाव, पुलिस ने किया ट्रैप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। फर्जी नाम-पता बदलकर युवतियों को सोशल मीडिया पर प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले युवक को कोतवाली व रंपुरा पुलिस टीम ने दबोच लिया है। 

शुक्रवार को कोतवाली स्थित सीओ कार्यालय में खुलासा करते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी व एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि 20 सितबंर को दूधियानगर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया था कि उसकी बेटी छात्रा है और बेटी के मोबाइल पर अगस्त से अज्ञात युवक अश्लील मैसेज भेजकर बदनाम करने की धमकी रहा है। बदनामी से बचने के लिए पैसों की मांग कर रहा है।

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। कुछ दिनों बाद छात्रा फिर पुलिस को बताया कि युवक एक बार फिर उसे बदनाम करने की धमकी देकर शरीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। एसएसपी ने कोतवाली और रंपुरा चौकी पुलिस की टीम बनाई गई। पता चला कि आरोपी युवक ने अपनी फेसबुक आईडी व सोशल एकांउट राहुल नाम से बनाई है। अपने को बिजनेसमैन बताया। पड़ताल में उसका असली नाम फैजान निवासी बंसरेड़ी थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर है।

पुलिस ने छात्रा के साथ मिलकर प्लान तैयार किया और युवक को रुद्रपुर बुलाया। छात्रा ने उससे शरीरिक संबंध बनाने की हामी भर दी। आरोपी युवती के बताए पत्ते पर पहुंचा। जहां पुलिस ने काशीपुर हाईवे स्थित फलाईओवर के समीप घेराबंदी कर दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मुजफ्फरनगर में टैंट का काम करता है और फर्जी एकांउट बनाकर युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर शरीरिक संबंध या मोटी रकम वसूलता है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल, चैटिंग व धमकी भरे मैसेज का प्रिंट निकालकर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

संबंधित समाचार