संभल : सीरिंज फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सपा विधायक इकबाल महमूद की है फैक्ट्री

संभल, अमृत विचार। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में संभल-मुरादाबाद मुख्य मार्ग पर सपा विधायक इकबाल महमूद की सीरिंज बनाने की फैक्ट्री में देर रात शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। जिले भर से पहुंचीं अग्निशमन की कई दमकलों ने दो घंटे में आग पर काबू पाया। आग से लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया।

संभल-मुरादाबाद मुख्य मार्ग पर फुलसिंहा गांव के निकट सपा विधायक इकबाल महमूद के परिवार की सीरिंज बनाने की फैक्ट्री आईक्यू मेडिटेक में गुरुवार रात लगभग सवा तीन बजे अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। फैक्ट्री में मौजूद दो कर्मचारी सहरी के लिए जागे तो मैन्यूफैक्चरिंग सेक्शन से धुंआ निकलता देख चौंक गये। कर्मचारियों ने अंदर झांका तब आग लगने का पता चला। 

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कर्मचारियों ने तुरंत फैक्ट्री की बिजली सप्लाई काट दी। इसके बाद फैक्ट्री मालिक व अग्निशमन विभाग को जानकारी दी। कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की दो गाड़ी मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए मशक्कत शुरू की। आग काबू में नहीं आने पर बहजोई व चंदौसी से भी दो गाड़ी और बुलाई गईं।  हजरतनगर गढ़ी व संभल कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से लाखों का नुकसान हुआ है।

आग लगने के बाद मचा हड़कंप
आईक्यू मेडिटेक में लगी आग लपटें आसपास गांव तक दिखाई देने लगीं। गांवों के लोग हकीकत जानने के लिए मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने के लिए मशक्कत की। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

रमजान के चलते बंद थी फैक्ट्री
फैक्ट्री में रमजान की वजह से काम बंद था। सिर्फ चार लोग रात को रहते थे। गुरुवार की रात भी दो गार्ड और बिजली डिपार्टमेंट के दो कर्मचारी ही मौजूद थे। इनमें से दो कर्मचारी सहरी खाने के लिए उठे थे। तब फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी हुई।

ये भी पढ़ें:- संभल : रेतीली जमीन पर लहलहा रही धान की फसल, 400 बीघा में हो रही खेती

संबंधित समाचार