जमशेदपुर हिंसा पर अर्जुन मुंडा ने कहा : भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित
जमशेदपुर (झारखंड)। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जमशेदपुर में हाल में हुई हिंसा के संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं की गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर एक छोटी-सी घटना को अप्रिय घटना में बदलने का आरोप भी लगाया।
आदिवासी मामलों के मंत्री मुंडा ने शुक्रवार को जमशेदपुर में घाघीडीह केंद्रीय कारागार का दौरा किया और भाजपा नेता एवं पूर्वी सिंहभूम जिले के अध्यक्ष अभय सिंह तथा जिला समिति के उपाध्यक्ष सुधांशु ओझा से मुलाकात की। मुंडा ने पत्रकारों से कहा, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित है।
हम ऐसी घटनाओं की कड़ी निंदा करते हैं। प्रशासन का रवैया निष्पक्ष होना चाहिए। उसे किसी के दबाव में नहीं काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया, गिरफ्तार किए गए लोगों में से कई ऐसे हैं, जिनका घटना से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्हें राजनीतिक दबाव में विभिन्न स्थानों से पकड़ा गया है। गौरतलब है कि गत रविवार को शास्त्रीनगर इलाके में धार्मिक ध्वज के कथित अपमान को लेकर हुई हिंसा के संबंध में दो भाजपा नेताओं समेत कुल 70 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुंडा ने आरोप लगाया, यह छोटी-सी घटना थी, लेकिन प्रशासन ने इसे अप्रिय घटना में बदल दिया। पुलिस ने बताया कि इलाके में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा अब भी लागू है।
ये भी पढ़ें : सूरत नगर निगम में आप के छह पार्षद भाजपा में शामिल
