नौकरी दिलाने के नाम पर 1.25 करोड़ की ठगी करने वाला गिरफ्तार
जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर के केराकत कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने गांव के युवाओं को रेलवे व बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये ऐंठने वाले गिरोह के एक सदस्य को मुखबिर से मिली सूचना के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ कई धाराओं में …
जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर के केराकत कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने गांव के युवाओं को रेलवे व बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये ऐंठने वाले गिरोह के एक सदस्य को मुखबिर से मिली सूचना के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज है जिसमें एक की गिरफ्तारी पूर्व में जा चुकी है।
गैंग के सरगना समेत छह आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव ने आज यहां कहा कि केराकत कोतवाली क्षेत्र के नरहन चकरारेत निवासी दरोगा लाल चौधरी व अन्य ने पिछले नवंबर में मध्य प्रदेश के सतना, रीवां व प्रयागराज में गिरोह सरगना पूजा चौधरी, संध्या चौधरी, रतना देवी, उषा ताम्रकार, अमित कुमार ताम्रकार, पुरुषोत्तम ताम्रकार, राकेश कुमार व कमलेश तिवारी के खिलाफ 40 लोगों से नौकरी के नाम 1 करोड़ 25 लाख 69 हजार रुपये ठगे जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोपितों ने सभी को नौकरी के नाम पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया था। जब यह लोग अपना पैसा मांगने गए तो आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी रतना देवी को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सिहौली चौराहे से पुलिस ने क्राइम ब्रांच की मदद से इस मामले में वांछित रीवां के कमलेश कुमार तिवारी को कल शाम गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस अभी तक गिरोह के सरगना तक नहीं पहुंच सकी है।
