सीतापुर में कैदियों ने की भूख हड़ताल, जेल प्रशासन पर लगाया साथी की हत्या का आरोप
सीतापुर, अमृत विचार। जिला कारागार में बंद कैदियों ने अपने साथी कैदी की मौत के विरोध में भूख हड़ताल कर दी है। उन्होंने जेल प्रशासन पर साथी कैदी की हत्या का आरोप लगाया है। कैदियों के खाना ना खाने से जेल प्रशासन सहित अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जहां एक तरफ देर रात तक अधिकारी उन्हें मनाने में लगे रहे। वहीं शनिवार को बंदियों ने पेशी पर जाने से भी मना कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार बड़ी मुश्किल से अधिकारियों द्वारा मनाने पर कैदी आज पेशी के लिए गए हैं।
बता दें कि जिला कारागार में दुराचार के आरोप में कैदी बबलू सिंह पुत्र उमेश सिंह निवासी रत्नूपुर मिश्रिख सीतापुर पिछले 3 साल से बंद था। शुक्रवार को उसकी तबीयत में गड़बड़ी आने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि जब उसे जिला अस्पताल में लाया गया तो उसके मुंह से खून निकल रहा था।
इसी घटना के विरोध में जिला कारागार में निरुद्ध कैदी भूख हड़ताल पर चले गए हैं। कैदियों के भूख हड़ताल पर जाने की सूचना मिलते ही आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम सदर गौरव रंजन श्रीवास्तव और अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी ने जेल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
ये भी पढ़ें - बहराइच: पिता ने बेटी के ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप, जानिए क्या है मामला
