मध्य प्रदेश में 100 से 120 सीटों पर उम्मीदवार चयन में महिलाओं को प्राथमिकता देंगे: आप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इंदौर। आम आदमी पार्टी (आप) की मध्यप्रदेश इकाई की अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने शनिवार को कहा कि उनका दल इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों में 100 से 120 सीटों पर उम्मीदवार चुनने के मामले में महिलाओं को तरजीह देगा। अग्रवाल ने इंदौर प्रेस क्लब में संवाददाताओं से कहा,मैं आगामी विधानसभा चुनावों में 100 से 120 सीटों पर उम्मीदवार चयन के मामले में महिलाओं को प्राथमिकता दूंगी।

 उन्होंने बताया कि ‘आप’सूबे की सभी 230 सीटों पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी और किसी अन्य दल के साथ चुनावी गठबंधन नहीं करेगी। अग्रवाल ने कहा,सूबे में अब तक केवल कांग्रेस या भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) की सरकार इसलिए बनती रही है क्योंकि पहले जनता के पास विकल्प नहीं था। लेकिन अब राज्य में ‘आप’का परिवार बढ़ चुका है और आप जल्द हमें सरकार बनाने के रास्ते पर आगे बढ़ता देखेंगे।

 उन्होंने कहा कि पंजाब और गुजरात की तरह मध्यप्रदेश में भी आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व जनता की राय लेने के बाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करेगा। अग्रवाल ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना को महज दिखावा करार दिया और कहा कि जल्द ही सभी को ज्ञात हो जाएगा कि इस योजना की रकम कितनी महिलाओं के खातों में जा रही है। 

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा कथित आबकारी नीति घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 16 अप्रैल को तलब किए जाने पर अग्रवाल ने कहा कि अडाणी मामला उठाए जाने के कारण उन्हें यह समन भेजा गया है और उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाकर मुख्यमंत्री के रूप में काम करने से रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सरीखी जांच एजेंसियों का गलत फायदा उठाकर ‘आप’को झुकाना चाह रही है "क्योंकि इस सरकार को सिर्फ हमारी पार्टी से डर लगता है।" अग्रवाल, सिंगरौली की महापौर हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस पद पर काम करने में संघर्ष करना पड़ रहा है क्योंकि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है और ‘आप’ सत्तारूढ़ दल की विरोधी पार्टी है।

ये भी पढे़ं- बठिंडा हमला: हमलावरों का कोई सुराग नहीं, एसएफजे: केटीएफ ने ली जिम्मेदारी 

 

संबंधित समाचार