संभल: पशुओं से लदा वाहन पकड़ा, पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
असमोली के मनोटा बाजार से वध करने के लिए अलीगढ़ ले जाए जा रहे थे पशु, पिकअप में घायल और बेहोशी की हालत में मिले दर्जनभर पशु
कैला देवी थाना क्षेत्र में वाहन में ठूंसकर भरे गए पशु।
संभल/कैला देवी, अमृत विचार। कैला देवी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशुओं से भरा वाहन(बोलेरो पिकअप) पकड़ा। इसमें 19 पशु ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। इनमें से दर्जनभर पशु घायल और बेहोश भी हो गए। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में ले लिया। दो आरोपी भागने में सफल हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी।
संभल की तरफ से बोलेरो पिकअप गवां मार्ग से होते हुए अलीगढ़ की तरफ जा रही थी। पिकअप गांव खिरनी और लधनपुर के बीच पहुंची। तभी पीछे से भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री की गाड़ी आ गई। इसमें सवार जिला मंत्री नीरज कुमार, रूपकिशोर आदि को संदेह हुआ। उन्होंने वाहन रुकवाने की कोशिश की। मगर चालक ने रफ्तार तेज कर दी। भाजपा नेता ने ओवरटेक करके वाहन को रुकवा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसी बीच वाहन से दो लोग भाग गए।
पुलिस ने वाहन का दरवाजा खुलवाया तो अंदर का नजारा देखकर होश उड़। वाहन में 19 पशुओं को भूसे की तरह ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। इनमें से दर्जनभर पशु घायल और बेहोशी हो गए थे। पुलिस ने चालक शाहरुख निवासी गांव जलीलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि असमोली क्षेत्र के गांव मनोटा के बाजार से पशुओं को वध करने के लिए अलीगढ़ ले जाया जा रहा था। चालक ने दो कारोबारियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें:- विदेश घूम रहे हैं? जानिए, मुश्किल में फंसने पर दूतावास आपकी मदद के लिए क्या करेगा और क्या नहीं
