Atiq Ahmed Murder : Prayagraj की घटना से Kanpur में अलर्ट, सड़कों पर निकली पुलिस, CCTV से हो रही निगरानी
Atiq Ahmed Murder प्रयागराज में अतीक अहमद की हत्या के बाद कानपुर में अलर्ट।
Atiq Ahmed Murder प्रयागराज में अतीक और अशरफ की हत्या के बाद कानपुर शहर में अलर्ट किया गया। देर रात से ही पुलिस सड़कों पर गश्त कर रही है। पुलिस अधिकारी लगातार सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन से निगरानी कर रहे।
कानपुर, अमृत विचार। Atiq Ahmed Murder प्रयागराज में मेडिकल कराने जा रही पुलिस कस्टडी में अतीक और उसके भाई अशरफ की हत्या किए जाने के बाद कानपुर कमिश्नरेट पुलिस सतर्क हो गई। अलर्ट जारी करते हुए जिले के थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। अनावश्यक खड़े और चर्चा करने वाले लोगों को हटाया गया। गाड़ियों की भी चेकिंग हुई। साथ ही पेट्रोलिंग गश्त के साथ शहर में शांति व्यवस्था जांची गई। पुलिस अधिकारी लगातार सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन से निगरानी कर रहे।
माफिया अतीक अहमद के बेटे का भी एक दिन पहले ही पुलिस ने झांसी में एनकाउंटर किया था। उसके बाद अतीक अहमद और उसके भाई की हत्या कर दी गई। अतीक का कनेक्शन कानपुर से भी जुड़ा रहा है। कानपुर में वर्ष 2017 में उसका टिकट फाइन हुआ था, लेकिन बाद में अखिलेश यादव के हस्तक्षेप के बाद उसका टिकट कैंसल कर दिया गया था। पुलिस इस एंगल से भी सतर्कता बरत रही है।
माना जा रहा है कि अतीक के यहां से चुनाव लड़ने की मंशा के पीछे यहां उससे जुड़े लोग भी होंगे। ऐसे में अतीक की मौत के बाद यहां उनके द्वारा कोई अफवाह न फैलाई जाए, जिससे माहौल खराब हो सकता है। पुलिस ने इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। शाम से ही थाना क्षेत्रों में चेकिंग शुरू कर दी गई। ग्वाल टोली क्षेत्र में पुलिस ने चौराहों पर सिपाहियों की ड्यूटी बढ़ा दी।
साथ ही दारोगा और उसके साथ सिपाहियों को पेट्रोलिंग की जिम्मेदारी दी गई। शहर में चमनगंज, बेकनगंज, मूलगंज, बाबूपुरवा, रावतपुर गांव, ईदगाह, फीलखाना, बिरहाना रोड, मछरिया, उस्मानपुर, जूही, जाजमऊ, चकेरी आदि इलाकों में रात भर पुलिस ने गश्त की।हालांकि यह कार्रवाई इस घटना को लेकर नहीं की गई, ऐसा अधिकारी कह रहे हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि कानपुर में कोई माहौल खराब नहीं है। पहले की भांति ही सतर्कता बरती जा रही है।
एडीएम सिटी अतुल कुमार ने बताया कि कानपुर में पूरी शांति व्यवस्था है। किसी प्रकार का कोई तनाव नहीं है। सभी एकजुट हैं। आचार संहिता लगी हुई है। उसका पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है। कहीं भी समूह इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा।
