अतीक और असद की हत्या के बाद सतर्क रही पुलिस, मस्जिदों पर पुलिस की रही खास नजर
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। प्रयागराज में माफिया अतीक और उसके भाई अरशद की पुलिस कस्टडी में हत्या की खबर आते ही पुलिस सतर्क हो गई। शहर से लेकर नगर, कस्बों तक पुलिस की मुस्तैदी दिखाई दी। शहर की मस्जिदों पर भी पुलिस बल तैनात रहा।
अभिसूचना इकाई सहित अन्य खुफिया एजेंसियां भी सतर्क रहीं। खासबात यह रही कि रविवार को सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। इक्का दुक्का लोग और वाहन ही आते जाते दिखाई पड़े। प्रयागराज में काल्विन अस्पताल के परिसर में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई की शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे तीन शूटरों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जब पुलिस दोनों का मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जा रहा था। हत्या की घटना के बाद प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया। डीजीपी के आदेश के बाद सभी जिलों के साथ ही लखीमपुर खीरी पुलिस भी सर्तक हो गई। शहर से लेकर नगरों और कस्बों में पुलिस ने पैदल गस्त कर हालातों पर नजर रखी। एलआईयू सहित कई खुफिया एजेंसियां भी सर्तक रही और इनपुट जुटाती रही। रविवार को भी सुबह से ही शहर में पीएसी के साथ पुलिस ने गस्त की। शहर की कुछ मस्जिदों और मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पुलिस को तैनात किया गया था। एएसपी नैपाल सिंह और सभी सीओ अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहे।
ये भी पढ़ें : लखीमपुर खीरी: भाजपा ने पुष्पा सिंह तो सपा ने रमा मोहन पर खेला दांव
