लखीमपुर खीरी: भाजपा ने पुष्पा सिंह तो सपा ने रमा मोहन पर खेला दांव
कांग्रेस ने सपा छोड़ कर आए ज्ञान प्रकाश की पुत्र वधू लता बाजपेई को बनाया प्रत्याशी
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: बसपा के बाद रविवार को भाजपा, सपा, कांग्रेस ने भी नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने अर्बन कोआपरेटिव बैंक की अध्यक्ष पुष्पा सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें नगर पालिका परिषद लखीमपुर के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतारा है।
जबकि सपा ने ब्राह्मण कार्ड खेलते हुए रमा मोहन बाजपेई को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जबकि कांग्रेस ने ज्ञान प्रकाश बाजपेई की बहू लता बाजपेई को मैदान में उतारा है। नगर निकाय चुनाव के नामांकन का सोमवार को आखिरी दिन है। इस वजह से लोगों की नजरे सतारूढ़ दल के साथ सपा और कांग्रेस की तरफ लगी थीं।
हालांकि बसपा ने शनिवार को ही ब्राह्मण कार्ड खेलते हुए अंजू मिश्रा को अपना प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन भाजपा, सपा और कांग्रेस ने अपने पत्ते नहीं खोले थे। खासतौर पर लोगों की नजर भाजपा और सपा के घोषित होने वाले उम्मीदवारों पर लगी थी। रविवार को भाजपा ने लखीमपुर अर्बन कोआपरेटिव बैंक की अध्यक्ष पुष्पा सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया।
वहीं सपा ने प्रमुख ट्रांसपोर्टर और समाजसेवी मोहन बाजपेई की पत्नी रमा मोहन बाजपेई को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। टिकट न मिलने पर सपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए ज्ञान प्रकाश बाजपेई की पुत्र वधू लता बाजपेई को कांग्रेस ने चुनावी मैदान में उतारा है। सोमवार को बसपा प्रत्याशी अंजू मिश्रा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष जयवीर गौतम समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
टिकट न मिलने से नाराज ज्ञान ने सपा को किया बाय बाय: नगर पालिका लखीमपुर के दो बार अध्यक्ष रहे सपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश बाजपेयी की पुत्र वधू ने टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन सपा ने मोहन बाजपेई की पत्नी रमा मोहन बाजपेई को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इससे नाराज सपा नेता, उनकी बहू लता बाजपेई, पारुल गुप्ता, इमरान, आकाश गुप्ता, विनय मिश्रा सहित करीब सौ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी को बाय बाय कर दिया और कांग्रेस में शामिल हो गए।
सपा प्रबुद्ध सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश बाजपेई ने कहा कि उन्हें ऊंचाहार से तीन बार के विधायक मनोज पांडेय ने दो साल पूर्व सपा में शामिल कराया था। सपा प्रमुख ने एमएलए का टिकट देने का वादा किया। बाद में कहा कि अध्यक्ष का टिकट दूंगा। वह भी नही दिया। दो माह पूर्व सपा में आये मोहन बाजपेयी को टिकट दे दिया। यह घोर अनुचित है।
भाजपा में रार, निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी पूर्व अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव: नगर पालिका और नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के टिकट की घोषणा होने के बाद भाजपा में भी रार दिख रही है। नगर पालिका परिषद लखीमपुर की पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर इरा श्रीवास्तव भाजपा से काफी लंबे अरसे से जुड़ी हैं। वह इस बार नगर पालिका अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार थी।
सूत्र बताते हैं की जिले से लेकर शीर्ष नेताओं ने उन्हें इस बार टिकट देने का भरोसा दिलाया था, लेकिन ऐन मौके पर उनका टिकट काट दिया गया और अर्बन कोआपरेटिव बैंक की चेयरमैन पुष्पा सिंह को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतार दिया। डाक्टर इरा श्रीवास्तव ने अब निर्दलीय चुनाव लड़ेंगी।
वह रविवार को अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट नामांकन कराने पहुंची, लेकिन समय समाप्त हो जाने के कारण उनका नामांकन दाखिल नहीं हो सका। डाक्टर इरा श्रीवास्तव ने बताया कि वह सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगी।
भाजपा ने इनको बनाया प्रत्याशी: लखीमपुर से पुष्पा सिंह
गोला गोकर्णनाथ से विजय षुक्ला रिंकू
मोहम्मदी से संदीप मेहरोत्रा
पलियाकलां से केबी गुप्ता
धौरहरा से षम्भू चौरसिया
खीरी टाउन से माया देवी
बरबर से कुलदीप कुमार
मैलानी से कीर्ति महेष्वरी
सिंगाही से उत्तम मिश्रा
निघासन से बद्री प्रसाद मौर्य
भीरा से राजकुमारी
ओयल से उमा राज
ये भी पढ़ें - सिक्किम हिमस्खलन में लखीमपुर-खीरी के पिता-पुत्री की मौत, दो घायल
