रायबरेली: घर में चल रही थी शादी की तैयारियां, आशिक संग भाग गई दुल्हन
ऊंचाहार/ रायबरेली, अमृत विचार। घर में चंद दिनों बाद बेटी की शादी थी। पूरा परिवार शादी की तैयारी में व्यस्त था, घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे। रिश्तेदारों का आगमन शुरू हो गया था। लेकिन अचानक दुल्हन अपने प्रेमी के संग फरार हो गई। जिससे सारी खुशियां काफूर हो गई। पूरा परिवार सदमे में चला गया। पुलिस दुल्हन और उसके प्रेमी की तलाश कर रही है।
एक गांव निवासी युवती की 11 मई को बारात आनी थी। जैसे जैसे शादी की तारीखें नजदीक आ रही थी ,पारिवारिक जन हर्षोल्लास के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हुए थे। युवती के भाई ने बताया कि शादी में देने वाले सारे सामान की खरीद भी की जा चुकी थी। पारिवारिक जन डीजे, लाइट, रोड लाइट से लेकर सारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे हुए थे। परिवार में रिश्तेदारों का आगमन शुरू हो गया था ।घर में महिलाएं मंगल गीत गा रही थी। परिवार में चारों ओर खुशियां फैली हुई थी। हर कोई इस शादी को लेकर बड़ा उत्साहित था। घर के बच्चों से लेकर बड़े तक बड़ी खुशी के साथ तैयारियों में व्यस्त थे। इसी बीच शनिवार की शाम युवती जगतपुर के अपने आशिक के साथ घर से भाग गई। युवती के भाई ने रविवार को कोतवाली में तहरीर देकर प्रेमी के खिलाफ बहन के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर युवक व युवती की तलाश की जा रही है। इन्हें जल्द ही पकड़ कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - Atiq-Ashraf Murder: मीडिया ट्रायल की वजह से मारा गया अतीक, बचे हुए बेटों को लेकर रामगोपाल यादव ने जताई यह आशंका...
