मुरादाबाद : भाजपा का टिकट न मिलने पर फूटा गुस्सा, विरोध में की नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पाकबड़ा ( मुरादाबाद), अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी में टिकट वितरण होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष के गृह जनपद में अगवानपुर सहित शहर के कई वार्डों से पार्षद का टिकट न मिलने से पार्टी में असंतोष सड़क पर आ गया। अगवानपुर नगर पंचायत से अंशुल गुप्ता को टिकट न मिलने पर उन्होंने समर्थकों के साथ बुद्धि विहार स्थित भाजपा कार्यालय पर पहुंचकर नारेबाजी और हंगामा किया। कई पार्षद प्रत्याशियों ने भी टिकट न मिलने पर नाराजगी जताई। 

पाकबड़ा के वार्ड 9 से टिकट होल्ड होने पर राजीव शर्मा ने भी पार्टी कार्यालय पर हाय-हाय के नारे लगाए। वहीं अनुसूचित जाति के किसी भी सीट पर दिवाकर समाज को टिकट न मिलने पर कई ने नाराजगी जताई। महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा आदि कई अन्य पदाधिकारियों का नाम सोशल मीडिया पर पोस्ट कर टिकट न पाने वाले और उनके समर्थकों ने अपनी भड़ास निकाली। हालांकि इस बारे में महानगर अध्यक्ष का पक्ष लेने के लिए फोन करने पर काल ड्राप के चलते उनसे बात नहीं हो पाई। 

वहीं भाजपा से जुड़े पंजाबी समाज के कई  नेताओं ने अपने समाज से महापौर सहित कई वार्ड में प्रत्याशियों को टिकट न मिलने पर नाराजगी जताई। पिछले दिनों पंजाबी समाज के लोगों ने बैठक कर महापौर के अलावा दस वार्ड में पार्षद का टिकट भाजपा के प्रदेश नेतृत्व से मांगा था। पंजाबी समाज उत्तर प्रदेश महानगर इकाई की ओर से सोशल मीडिया पर मैसेज डालकर नोटा दबाकर भाजपा के प्रत्याशियों का विरोध जताने का आह्वान किया। हालांकि बाद में अंशुल गुप्ता ने प्रदेश मंत्री अंजलि चौहान से कान पकड़कर अंशुल गुप्ता ने बाद में माफी मांग ली।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : भाजपा से विनोद, सपा से रईश उद्दीन को टिकट...कांग्रेस ने रिजवान और बसपा ने मोहम्मद यामीन को बनाया महापौर उम्मीदवार

संबंधित समाचार