बरेली: तीन डॉक्टर रिलीव, महिला अस्पताल में मरीजों के इलाज का संकट
बरेली, अमृत विचार। बीते दिनों जिला महिला अस्पताल को उच्च स्तरीय सुविधाएं देने पर नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड प्रमाण दिया गया है लेकिन यहां अब सुविधाएं प्रभावित होने वाली हैं। यहां तीन माह पहले सीएचसी-पीएचसी से प्रशिक्षण लेने के लिए अटैच किए गए तीन डॉक्टर सोमवार का रिलीव हो गए। वहीं यहां पूर्व से ही डॉक्टरों की कमी है। इसको लेकर विभागीय अधिकारी भी चिंतित हैं। प्रबंधन ने सीएमओ को पत्र भेजकर जल्द से जल्द डॉक्टरों की तैनाती की मांग की है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अस्पताल में डॉक्टरों के कुल 16 पद स्वीकृत हैं लेकिन वर्तमान में कुल सात डॉक्टर ही तैनात हैं। जिसमें पांच स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ और निश्चेतक शामिल हैं। जो तीन डॉक्टर मूल तैनाती पर भेजे गए हैं वह नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे थे। अस्पताल में रोजाना 20 प्रसव और करीब 300 मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। अब पांच डॉक्टरों के भरोसे ओपीडी और आईपीडी का संचालन कर पाना टेढ़ी खीर है।
यहां प्रशिक्षण के लिए आए तीन डॉक्टरों को रिलीव कर दिया है। उनके जाने से सेवाएं प्रभावित होंगी। पूर्व से ही डॉक्टरों की कमी है। कई बार सीएमओ को पत्र भेजकर डॉक्टरों की तैनाती की मांग की है लेकिन कोई संतोष जनक जवाब नहीं मिल सका है।- डॉ. पुष्पलता शमी, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल।
ये भी पढे़ं- बरेली: वार्ड 40 में लोगों को पीने के लिए मिल रहा साफ पानी, रोड भी चकाचक, डलावघर को लेकर लोग परेशान
