हमीरपुर की इस शादी को देखते रह गए लोग, किन्नर की मांग में भरा सिंदूर, हाथ पकड़कर मिट्टी के खंभे के लगाए फेरे
हमीरपुर में युवक ने किन्नर की मांग में भरा सिंदूर।
हमीरपुर के चिकासी थानाक्षेत्र में युवक ने किन्नर की मांग में सिंदूर भरा और हाथ पकड़कर मिट्टी के खंभे के फेरे लगाए।
हमीरपुर, अमृत विचार। चिकासी थानाक्षेत्र के टोला खंगारन गांव में शनिवार को एक अजीबो-गरीब वाक्या हुआ। इस गांव के एक अधेड़ शख्स ने एक किन्नर को अपना जीवन साथी मानते हुए उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। मौके पर मौजूद पुरोहित ने विवाह के मंत्रोच्चारण किया। शाम को दावत हुई। डीजे में मिलने-जुलने वालों ने जमकर ठुमके लगाए। यह अनोखी शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।
टोला खंगारन गांव निवासी नाथूराम सिंह के दो पुत्र हैं, जिनमें से बड़े पुत्र की शादी हो चुकी है, जबकि 48 वर्षीय छोटा पुत्र छत्रपाल सिंह अविवाहित है। छत्रपाल ने अपने विवाह के काफी प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। थक-हारकर छत्रपाल ने शनिवार की दोपहर गांव के सती माता मंदिर स्थान के निकट क्षेत्र की किल्लर बिल्लो रानी की मांग सिंदूर से भर दी। पास बैठे पुरोहित पं.ओमप्रकाश ने विवाह के मंत्रों का उच्चारण करना शुरू दिया। इस दौरान देखने वालों की भीड़ लगी रही। मांग भरने के बाद छत्रपाल और बिल्लो रानी ने एक मिट्टी के खंभे के फेरे भी लगाए।
