Hamirpur News : बेतवा नदी में नहाते दो छात्र डूबे, गोताखोर कर रहे तलाश, परिजन रो-रोकर हुए बेहाल
हमीरपुर में बेतवा नदी में नहाते दो छात्र डूबे।
हमीरपुर में बेतवा नदी में नहाते दो छात्र डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में किशोरों की तलाश तेज की।
हमीरपुर, अमृत विचार। ललपुरा थानाक्षेत्र के बजेहटा गांव में बेतवा नदी नहाने गए दो छात्र डूब गए। सूचना पर परिजन व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनकी तलाश शुरू की। देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई सराग नहीं लग सका है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
बजेहटा गांव निवासी जयपाल सिंह का 16 वर्षीय पुत्र रचित सिंह गांव निवासी अमर प्रताप सिंह (15) पुत्र घनश्याम के साथ सोमवार को सुबह नौ बजे बेतवा नदी नहाने गया था। दोपहर तक दोनों के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब वह बेतवा नदी किनारे पहुंचे तो वहां उनके कपड़े रखे मिले। जिस पर नदी में उनकी तलाश शुरू हुई।
सूचना पर पहुंची ललपुरा पुलिस ने मौके पर गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू की। देर शाम तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। रचित सिंह गांव के ही एक विद्यालय में कक्षा नौ में व अमर प्रताप सिंह कक्षा आठ में पढ़ते हैं। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
