बरेली:... तो क्या भाजपा ने 46 वार्डों में तय कर दिए प्रत्याशियों के नाम
बरेली, अमृत विचार। भाजपा के व्हाट्सएप ग्रुप ''संतोष गंगवार- 2024'' पर सोमवार को एक वरिष्ठ नेता ने धोखे से पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए आवेदन करने वाले दावेदारों की एक सूची क्या पोस्ट की, पार्टी में अंदरूनी तौर पर बवाल शुरू होने के साथ कई सवाल भी खड़े होने शुरू हो गए। छह पेजों की इस सूची में 46 वार्डों के एक-एक दावेदार के नाम के आगे नीले पेन से लगा टिक देखकर दूसरे दावेदारों के होश उड़ गए। 20 मिनट बाद ही यह सूची डिलीट कर दी गई लेकिन कई लोग उसे अपने मोबाइल में सेव कर चुके थे। इसके बाद शुरू हुई हलचल बरेली से लखनऊ तक पार्टी को हिलाती रही। माना जा रहा है कि सूची सांसद संतोष गंगवार को व्यक्तिगत तौर पर भेजी जानी थी लेकिन धोखे से उनके नाम से बने ग्रुप में पोस्ट हो गई।
भाजपा में पार्षद के टिकट तय होने की जो व्यवस्था दावेदारों को बताई गई है, उसके मुताबिक हर वार्ड से उपयुक्त दावेदारों के तीन नाम का पैनल प्रदेश नेतृत्व को भेजा गया है जिसके बाद मुख्यालय से ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जानी है। पैनल बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए स्थानीय स्तर पर भाजपा कार्यालय में बैठक होनी है लेकिन इससे पहले ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने सोमवार सुबह व्हाट्सएप ग्रुप ''संतोष गंगवार- 2024'' पर छह पेज की टाइपशुदा सूची पोस्ट कर दी। इससे टिकट के दावेदारों में खलबली मच गई।
इस सूची में नगर निगम के 46 वार्डों से चुनाव लड़ने का आवेदन करने वाले उन लोगों के नाम लिखे हुए थे, जिनके नाम पैनल में शामिल किए गए थे। ये नाम हाल ही में भाजपा कार्यालय में हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में तय किए गए थे। इनमें से ज्यादातर वार्डों में दो या तीन नाम पैनल में शामिल किए गए हैं। कई वार्ड ऐसे हैं जिनमें सिर्फ एक दावेदार का नाम शामिल है। इनमें कई निवर्तमान पार्षदों के नाम भी हैं। खास यह है कि तमाम दावेदारों के नाम के आगे इस सूची में नीले पेन से टिक भी लगाया गया था।
शहर विधानसभा के जिस वरिष्ठ नेता ने यह सूची ग्रुप में पोस्ट की, वह पार्टी में ही नहीं बरेली की राजनीति में भी बड़े कद के नेता माने जाते हैं। इसलिए माना गया कि नीले पेन से टिक उन्हीं नामों के आगे लगाया गया है जिनका टिकट तय हो चुका है। इसी कारण दूसरे दावेदारों में बेचैनी फैल गई और पार्टी में भी कानाफूसी शुरू हो गई है। यह सूची ग्रुप में सुबह 9.08 बजे पोस्ट हुई और 20 मिनट बाद ही डिलीट कर दी गई लेकिन इस बीच तमाम लोगों ने उसे अपने मोबाइल में सुरक्षित कर लिया। इसके कुछ ही देर बाद सूची तमाम दावेदारों में वायरल हो गई।
इन 46 वार्डों में कुछ निवर्तमान पार्षद, कुछ नए चेहरे पर टिक
वार्ड- 2 जाटवपुरा, वार्ड-3 छाेटी विहार, वार्ड- 8 मॉडल टाउन, वार्ड- 10 बड़ी विहार, वार्ड- 14 ब्रह्मपुरा, वार्ड-15 हजियापुर, वार्ड- 16 संजयनगर, वार्ड- 18 रेलवे कॉलोनी, वार्ड- 19 कंजादासपुर, वार्ड 22 खलीलपुर, वार्ड- 23 इंदिरानगर, वार्ड- 24 मौलानगर, वार्ड- 26 आईवीआरआई, वार्ड- 27 मथुरापुर, वार्ड- 28 फरीदापुर चौधरी, वार्ड- 29 रहपुरा चौधरी, वार्ड- 30 स्वालेनगर, वार्ड-31 कठघर, वार्ड- 33 बनखंडी नाथ, वार्ड- 34 परतापुर चौधरी, वार्ड- 36 जौहरपुर, वार्ड- 37 नदौसी, वार्ड- 42 चौधरी मोहल्ला, वार्ड- 45 महेशपुर अटरिया, वार्ड- 46 गांधीपुरम, वार्ड- 47 किला छावनी, वार्ड- 48 जोगी नवादा, वार्ड- 49 शास्त्रीनगर, वार्ड- 50 जनकपुरी, वार्ड- 51 नगरिया परीक्षित, वार्ड- 52 बानखाना, वार्ड- 54 भूड़, वार्ड- 55 सैदपुर हाकिंग्स, वार्ड- 58 गुलाबनगर, वार्ड- 59 सरनिया, वार्ड- 61 कानूनगोयान, वार्ड- 63 साहूकारा, वार्ड- 65 सुरेशशर्मा नगर, वार्ड- 66 बजरिया पूरनमल, वार्ड- 67 आवास विकास, वार्ड- 69 शाहबाद, वार्ड- 70 पीरबहोड़ा, वार्ड- 72 आलमगीरीगंज, वार्ड- 74 घेर शेख मिट्ठू, वार्ड- 73 विधौलिया और वार्ड- 76 इंग्लिशगंज।
दावेदारों ने महानगर अध्यक्ष को घेरा
भाजपा कार्यालय में रोज दोपहर के समय पार्षद पद के दावेदारों का मजमा लग रहा है। सोमवार को कई दावेदार व्हाट्सएप ग्रुप में भेजी गई हुई नीले टिक वाली सूची लेकर यहां पहुंचे और महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा से पैनल में अपना नाम न शामिल करने की शिकायत की। बताया जा रहा है कि प्रत्याशी तय करने में भेदभाव के भी आरोप लग रहे हैं और कई शिकायतें हाईकमान तक पहुंच गई हैं।
कुछ दावेदारों ने किसी सूची के ग्रुप में पोस्ट होने के बारे में मुझे बताया था लेकिन वह सूची पैनल में शामिल हुए नामों की नहीं है, इसलिए उस पर ध्यान न दिया जाए।
डॉ. केएम अरोड़ा, अध्यक्ष महानगर भाजपा
ये भी पढे़ं- बरेली: फरार सद्दाम का एनबीडब्ल्यू जारी, नौ वांछित आरोपियों की वीसी से होगी पेशी
