जलालाबाद: पट्टे की भूमि पर कब्जा करने का आरोप
जलालाबाद,अमृत विचार। प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के शासन में अब खुद संत महात्मा असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। एक बाबा ने कोतवाल और एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर खुद की पट्टे की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा कर मारपीट करने और गांव मे दिखने पर गोली से मार देने की धमकी देने का आरोप लगाया …
जलालाबाद,अमृत विचार। प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के शासन में अब खुद संत महात्मा असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। एक बाबा ने कोतवाल और एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर खुद की पट्टे की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा कर मारपीट करने और गांव मे दिखने पर गोली से मार देने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामला जलालाबाद थानाक्षेत्र के गांव फरीदापुर का है यहां के निवासी बाबा नन्द लाल ने उपजिलाधिकारी सौरभ भट्ट और कोतवाली में शिकायती पत्र देते हुए गांव के ही कुछ लोगो पर उसकी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने और मारपीट कर गांव से निकालने का आरोप लगाया है। बाबा ने आरोपितों पर गांव में दिख जाने पर गोली मार देने का भी आरोप लगाया है।
बाबा ने बताया कि जमीन उन्हें सरकारी आवासीय पट्टे पर मिली थी जहां उन्होंने झोपड़ी डाल कर उसी में पूजा करना शुरू कर दी। करीब दो माह से आरोपित उस पर जमीन खाली करने का दवाब बना रहे हैं, जिसके लिए उसने कई बार कोतवाली में शिकायत भी की। मगर अब तक उसको कोई राहत नही मिली।
कोतवाल धीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले में चौकी इंचार्ज धर्मप्रकाश और मेरे द्वारा स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया स्थानीय लोगों ने बाबा की जमीन होने से इंकार कर दिया है। बाबा को पट्टे के कागज लेकर तहसीलदार के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था।
“मामले की जानकारी मिलते ही टीम बनाकर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने पर न्यायसंगत कार्यवाही की जाएगी।” -सौरभ भट्ट, एसडीएम, जलालाबाद
