Unnao News : गैंगरेप पीड़िता के घर पर लगाई थी आग, झुलसे बच्चे उर्सला अस्पताल रेफर, पुलिस ताबड़तोड़ दे रही दबिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता के घर पर बीती शाम आग लगने का मामला।

उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता के घर पर बीती शाम आग लगने का मामला। दोनों झुलसे बच्चे गंभीर हालात में कानपुर के उर्सला अस्पताल रेफर किए गए। पुलिस ने मां की तहरीर पर सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

उन्नाव, अमृत विचार। दुष्कर्म पीड़िता के घर बीती शाम लगी आग की घटना झुलसे दोनों मासूमों को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। उधर पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर दो अलग अलग एफआईआर दर्ज की है। जिनमें एक में सात जबकि दूसरी में छह लोगों को नामित किया गया है। जिनमें एक को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है।

मौरावां थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी 13 वर्षीया किशोरी से गांव के अरुण, सतीश और अमन ने 13 फरवरी 2022 को गैंगरेप किया था। जिससे किशोरी गर्भवती हो गयी थी। पीड़िता ने जिला महिला अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिफ्तार कर जले भेज दिया था। आरोपियों में सतीश और अमन जमानत पर जेल से छूट कर आए है तभी से पीड़िता के परिजन उन पर सुलह के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा रहे हैं।

बीती शाम तकरीबन छह बजे उसके घर अचानक आग लग गयी। पड़ोसियों व सूचना पर पहुंची दमकल के प्रयासों से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में छप्पर के नीचे लेटा पीड़िता का चार माह का बच्चा और उसकी तीन माह की बहन गंभीर रूप से झुलस गई। जिन्हें शाम को ही स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। यहां गंभीर हालत देख मंगलवार दोनों को कानपुर उर्सला रेफर कर दिया गया।

मामला तूल पकड़ने के बाद हरकत में आयी पुलिस ने आगजनी समेत अन्य धाराओं सात लोगों को नामित करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जिनमें एक को हिरासत में भी ले लिया गया है। एसओ अमरनाथ सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ आगजनी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पीड़िता के चाचा राजबहादुर की गिरफ्तारी हो गयी है। अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है। 

गैंगरेप पीड़िता के घर में आगजनी की खबर सोशल मीडिया में वायरल होते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना के निर्देश पर एएसपी शशि शेखर सिंह, सीओ पुरवा संतोष सिंह व एसओ अमरनाथ सिंह घटनास्थल से जिला अस्पताल तक भागदौड़ करते रहे। स्वास्थ्य विभाग में भी घटना को लेकर अफरा तफरी मची रही। सीएमओ डा. सत्यप्रकाश अधिनस्थों से फोन कर दिशा निर्देश देते नजर आए।

आगजनी में इन सात के खिलाफ लिखा मुकदमा

बीती शाम की घटना में पीड़िता की मां की तहरीर पर जमानत पर जेल से छूटे आरोपी सतीश पुत्र श्रीराम अमन पुत्र सुरेश कुमार, रोशन पुत्र सरजू लोधी निवासी प्रयागनारायणखेड़ा, पड़ोसियों सुखदीन पुत्र किशनपाल व रंजीत पुत्र अयोध्या प्रसाद, पीड़िता के चाचा राजबहादुर पुत्र चंदन, पीड़िता के बाबा चंदन पुत्र पंचम पर घर में घुस कर मारपीट व आगजनी की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। 

पिता पर पांच दिन पूर्व हुए हमले की भी रिपोर्ट हुई दर्ज

पीड़िता के पिता पर बीती 13 अप्रैल को हुए हमले के मामले में भी पुलिस ने बीती रात रिपोर्ट दर्ज कर ली है। खास बात यह है कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है हलांकि पुलिस ने सामान्य मारपीट, धमकाने व उपद्रव जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें रोशन, सतीश, श्याम बहादुर, चंदन, राज बहादुर, व पंचम को नामित किया गया है। 

पीड़िता के घर में लटक रहा ताला

हमले में घायल पीड़िता के पिता ने बताया कि अस्पताल से डिस्चार्ज लेकर वह दोनों झुलसे बच्चों का उपचार कराने के लिए कानपुर आ गया है। पीड़िता व उसकी मां भी वहीं है। घर में उसके चार बेटे व एक बेटी थी। जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से उनके ननिहाल भेज दिया गया है। घर में मौजूदा समय में ताला लटक रहा है। 


संबंधित समाचार