मुरादाबाद: बिजली मीटर लगाने के विवाद में भिड़े दो पक्ष, क्रास रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। घर के बाहरी हिस्से में बिजली का मीटर लगाने का विवाद इस कदर तूल पकड़ा कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। जिसमें छह लोगों को चोटें आईं। दोनों पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर क्रास रिपोर्ट दर्ज करते हुए सिविल लाइंस पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में महलकपुर निजामपुर गांव निवासी रोहित के मुताबिक 17 अप्रैल शाम करीब पांच बजे वह घर पर था। वहां भाभी रूबी व भाई कुलदीप भी मौजूद थे। इस बीच पड़ोसी बेगराज सिंह पुत्र श्याम सिंह अपने घर की बाहरी दीवार में बिजली का मीटर लगवा रहा था। रोहित व उसके परिजनों ने रास्ते की तरफ मीटर लगाने का विरोध किया। इस पर आरोपी बेगराज सिंह, शिवम व पुनीत पुत्रगण जितेन्द्र सिंह के अलावा प्रशान्त पुत्र श्याम सिंह गाली गलौज करते हुए हमलावर हो गए। आरोपियों ने रूबी व कुलदीप पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। 

जिसमें रोहित, रूबी व कुलदीप को चोटें आईं। इसी मामले में दूसरे पक्ष से कंचन पत्नी परवीन ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह अपने घर के बाहर मीटर लगवा रही थी। तभी पड़ोसी कुलदीप व रोहित पुत्रगण अमीरचन्द्र के अलावा रूबी पत्नी नन्दकिशोर, चन्द्रवती पत्नी अमीरचन्द्र ने मीटर घर के अन्दर लगाने का दबाव बनाया। विरोध पर आरोपियों ने उसे और उसके मौसेरे भाई शिवम से गाली गलौज करते हुए उनकी पिटाई कर दी। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को चोटें आईं हैं। तहरीर के आधार पर क्रास रिपोर्ट दर्ज करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें :- मुरादाबाद : डेढ़ क्विंटल पशु मांस बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार... एक मौके से फरार

संबंधित समाचार