स्वार उपचुनाव : नमांकन के दो दिन शेष, पर्चा न भरा गया एक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अधिकारी पूरे दिन करते रहे प्रत्याशियों का इंतजार, फैमिली चौराहे पर बेरिकेडिंग लगाकर तैनात रहा पुलिस बल, तीन दिन में आठ लोग खरीद चुके हैं नामांकन पत्र के प्रारूप, 20 अप्रैल को है नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि

रामपुर, अमृत विचार। स्वार विधान सभा उपचुनाव के नामांकन पत्र दाखिल करने को दो दिन शेष बचे हैं, लेकिन एक भी पर्चा नहीं भरा गया है। आठ नामांकन पत्रों के प्रारूप तो बिके हैं। भरकर जमा किसी ने नहीं किए हैं। भाजपा, सपा, कांग्रेस या बसपा किसी दल ने नामांकन पत्र के प्रारूप भी नहीं खरीदे हैं। मंगलवार को भी पूरे दिन अधिकारी प्रत्याशियों का इंतजार करते रहे। पुलिस बल भी सड़कों पर तैनात रहा। फिर भी कोई पर्चा भरने नहीं आया। 

 कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पर मंगलवार को कोई नामांकन पत्र नहीं बिका। जबकि, 13 अप्रैल को मोहम्मद आरिफ पुत्र बाबू हुसैन, अब्दुल कादिर पुत्र रमजानी और शिव प्रसाद पुत्र राम कुमार ने नामांकन पत्र लिए थे। 15 अप्रैल को उपचुनाव के लिए जमील हुसैन, शफीक अहमद, मोहम्मद इस्माईल और मोहम्मद इरफान ने नामांकन पत्र लिए थे। 

17 अप्रैल को पीस पार्टी की प्रत्याशी नाजिया सिद्दीकी ने खरीदा था। लेकिन मंगलवार को कोई नामांकन पत्र नहीं बिका है। पूरे दिन नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पर नामांकन खरीदने या नामांकन पत्र जमा करने वालों का इंतजार होता रहा। लेकिन कोई नहीं आया और अधिकारी एवं कर्मचारी समय पूरा होने पर चले गए। 

मंगलवार को सुबह फैमिल चौराहे पर बेरिकेडिंग पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा और लोगों को कलेक्ट्रेट की ओर से जाने पुलिस रोकती रही। फिलहाल, किसी दल ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी नहीं की है। स्वार में हो रहे उपचुनाव के लिए 20 अप्रैल तक नामांकन कराया जा सकता है। निकाय चुनाव की गहमागहमी में स्वार उपचुनाव जोर नहीं पकड़ पा रहा है।  

स्वार उपचुनाव के लिए मंगलवार को कोई नामांकन पत्र नहीं बिका है और कोई नामांकन पत्र जमा भी नहीं हुआ है। नामांकन प्रक्रिया 20 अप्रैल तक कलेक्ट्रेट स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक हो रही है। -हेम सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी

ये भी पढ़ें:- रामपुर : तीन कोरोना संक्रमित और मिले, अब तक जिले में 13 मरीज हैं सक्रिय

संबंधित समाचार