बहराइच : पीएचसी के बड़े बाबू को घूस लेते एंटी करप्शन की टीम ने पकड़ा
बहराइच, अमृत विचार। जिले के स्वास्थ्य महकमे के एक बड़े बाबू को एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा है। बाबू पर पेंशन दिलाने के नाम पर 30 हजार रूपये घूस लेने का आरोप है।
नानपारा तहसील क्षेत्र के अमवा हुसैनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वरिष्ठ लिपिक निजाम अहमद खान की तैनाती है। वरिष्ठ लिपिक से सेवानिवृत्त स्वास्थ्य पर्यवेक्षक ने पेंशन के लिए निवेदन किया था। जिस पर 15 लाख पेंशन के एवज में दो प्रतिशत घूस देने की मांग बाबू ने की। सेवानिवृत्त स्वास्थ्य पर्यवेक्षक घनश्याम वर्मा ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम लखनऊ से की थी।
मंगलवार को गोरखपुर और गोंडा एंटी करप्शन की संयुक्त टीम जनपद पहुंच गई। टीम के प्रभारी ज्ञानेद्र सिंह, निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह, गोरखपुर से निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित, उप निरीक्षक मार्कण्डेय राय, नरेंद्र सिंह, विजय नारायण की टीम नानपारा क्षेत्र पहुंची। टीम ने बाबू को 30 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़कर अपने साथ गोंडा ले गई। अपने ही विभाग के एक रिटायर्ड कर्मी के पेंशन से जुड़े कागजात तैयार करने के लिए वह कई दिनों से घूस की मांग कर रहे थे।
पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की है। सीएमओ ने पीएचसी से अभिलेख दुरुस्त कराने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि अभिलेख दुरुस्त करने की एवज में बड़े बाबू उससे घूस मांगने लगा, अवैध मांग पूरी न करने पर कई दिनों से दौड़ा रहा था। पीड़ित कर्मचारी ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की गोण्डा थाना में की। पीड़ित कर्मचारी के तीस हजार की नकदी देते ही एंटी करप्शन की टीम ने बड़े बाबू को रंगे हाथ दबोच लिया। पकड़ने के बाद टीम उसे अपने साथ गोंडा ले गई है। देहात कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि गोंडा और गोरखपुर की संयुक्त टीम ने पकड़ा है। केस दर्ज होते ही अन्य जानकारी दी जाएगी।
निलंबन की होगी कार्रवाई
सीएमओ डॉ. एसके सिंह ने बताया कि पीएचसी पर तैनात लिपिक के एंटी करप्शन की टीम द्वारा पकड़ने की सूचना मिली है। अभी तक लिखित रूप में कोई जानकारी नहीं दी गई है। मुकदमा व गिरफ्तारी की पुष्टि पर निलंबन की भी कार्रवाई की कारवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : प्रशिक्षण में अनुपस्थित 55 कार्मिकों पर एफआईआर के निर्देश
