बरेली: बीवियों को चुनाव लड़ा सकते हैं... माफिया में इतना दम अब भी
बरेली, अमृत विचार। सौ करोड़ से ज्यादा कीमत की संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने और फ्रीज किए जाने की कार्रवाई के बावजूद माफिया नेस्तनाबूद तो नहीं हो पाए। फतेहगंज पश्चिमी में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए स्मैक तस्करी के बड़े नामों में शुमार होने वाले माफिया की बीवियों की चुनाव लड़ने की तैयारियां यही कहानी कह रही हैं। राजनीतिक दलों के टिकट पर चुनाव लड़ने के दावेदारों में इससे बेचैनी का भी माहौल है। वजह यह है कि स्मैक तस्करों की बीवियों से न सिर्फ कड़ी टक्कर मिलने बल्कि बाजी पलट जाने तक का अंदेशा है।
फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के टिकट के लिए फिलहाल भाजपा में सबसे ज्यादा मारामारी है। टिकट के दावेदार क्षेत्रीय विधायक के अलावा लखनऊ और दिल्ली में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों तक जोड़तोड़ में जुटे हुए हैं। अलग-अलग वरिष्ठ पदाधिकारियों से अलग-अलग दावेदारों की सिफारिश आने के कारण हाईकमान भी असमंजस में है, इसी कारण नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद पार्टी का प्रत्याशी कौन होगा, इसका कोई अब तक अंदाजा नहीं लगा पा रहा है।
इसी बीच फतेहगंज पश्चिमी के प्रमुख स्मैक तस्करों की बीवियों के भी चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी से समीकरण बदलते दिखने लगे हैं। गैंगस्टर स्मैक माफिया उस्मान खान की पत्नी और हाल ही में पुलिस रिमांड में रहे तस्कर शाहिद उर्फ कल्लू डॉन की पत्नी ने पर्चा खरीदकर माहौल गरमा दिया है। पिछले साल अक्टूबर में पुलिस की ओर से सफेमा और नारकोटिक्स अधिनियम के तहत तमाम और तस्करों के साथ इन दोनों तस्करों की भी करोड़ों की चल-अचल संपत्तियां फ्रीज की गई थीं। दावा किया गया था कि फतेहगंज पश्चिमी में स्मैक तस्करों और उनकी तस्करी के कारोबार को नेस्तनाबूद कर दिया गया है लेकिन अब उनकी बीवियों के चुनाव लड़ने की तैयारी इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
स्मैक तस्कर शाहिद को तीन दिन पहले ही भुता पुलिस ने एक मामले में रिमांड पर लिया था। अब वह जेल में है। फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत सीट के रिटर्निंग अफसर अनिल कुमार के अनुसार शाहिद उर्फ कल्लू डॉन की पत्नी इमराना बेगम ने नामांकन के पहले ही दिन खुद आकर नामांकन पत्र खरीदा है। उस्मान खान की पत्नी रेहाना बेगम के लिए पर्चा मो. कमाल अंसारी ने खरीदा है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। बहरहाल पुलिस प्रशासन के अफसर भी सक्रिय हो गए हैं। नजर इस बात पर है कि तस्करों की संपत्तियां फ्रीज हैं तो वे चुनाव के लिए धन कैसे जुटाएंगे।
अक्टूबर, 2022 में फ्रीज की थीं करोड़ों की संपत्तियां
पिछले साल अक्टूबर में डीएम शिवाकांत द्विवेदी के आदेश पर फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने गैंगस्टर उस्मान खान, उसकी पत्नी रेहाना बेगम की लगभग 16 करोड़ की संपत्ति और तस्कर शाहिद उर्फ कल्लू डॉन और उसकी पत्नी इमराना बेगम की 9.19 करोड़ की 34 संपत्तियां फ्रीज करने की कार्रवाई की थी। डीएम की ओर से कराई गई कार्रवाई के बाद एनसीबी ने भी तस्करों पर शिकंजा कसा था। तमाम और तस्करों की करोड़ों की संपत्तियों पर बीडीए ने बुलडोजर चलाया था।
अब तक 14 दावेदारों ने खरीदे हैं पर्चे
महिलाओं के लिए आरक्षित फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा नेता आशीष अग्रवाल की पत्नी प्रीति अग्रवाल, गीता यादव पत्नी सरजू यादव, रेहाना बेगम पत्नी उस्मान खान, इमराना बेगम पत्नी शाहिद उर्फ कल्लू डॉन, अफरोज बेगम पत्नी गुड्डू डिश, निशाद पत्नी फरहत गुल्लू, बसपा नेता शकील अंसारी की पुत्रवधू तबस्सुम अंसारी, नजमा पत्नी सईद अहमद, जीनत पत्नी मुईनउद्दीन, दुर्गावती पत्नी कृष्ण पाल, पुष्पा पांडे पत्नी राधे श्याम पांडे, कमलेश गंगवार पत्नी हरीश कुमार, चमन पत्नी इस्लाम नवी, पूनम यादव पत्नी पवन यादव ने भी नामांकन पत्र खरीदे हैं।
एक तरफ कार्रवाई की, दूसरी तरफ मदद करने के आरोपों से भी घिरी रही पुलिस
फतेहगंज पश्चिमी स्मैक तस्करी की वजह से पूरे देश में जाना जाता है। यहां ज्ञात-अज्ञात स्मैक तस्करों की तादाद सैकड़ों में हैं जो देश के कई राज्यों में स्मैक की सप्लाई करते हैं। कई सालों से पुलिस स्मैक तस्करों के साथ साठगांठ के आरोपों से घिरी रही है। पिछले साल जब शासन के आदेश पर उनके खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई हुई थी, तब भी पुलिस पर उनकी मदद करने के आरोप लगे थे। एक सिपाही का फोन पर स्मैक तस्कर से अपने आला अधिकारी के नाम पर रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद सस्पेंड किया गया था। स्मैक तस्करों की कई संपत्तियां फ्रीज न करने का भी मामला सामने आया था, कुछ ही समय बाद इन संपत्तियों की गुपचुप ढंग से रजिस्ट्री कर दी गई थी। कुछ संपत्तियां ऐसी थीं जिन पर फ्रीज करने का नोटिस तो चस्पा कर दिया गया लेकिन न उन्हें फ्रीज किया गया, न रजिस्ट्री विभाग को इसकी सूचना भेजी गई।
ये भी पढे़ं- बरेली: कांग्रेस जल्द जारी करेगी पार्षद प्रत्याशियों की पहली सूची
