Banda DM दुर्गा शक्ति नागपाल ने लोगों से की अपील, आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाएं ईद-उल-फितर का त्यौहार
बांदा डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने ईद का त्यौहार आपसी भाईचारे के साथ मनाने की लोगों से की अपील।
बांदा डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने लोगों से आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाएं ईद-उल-फितर का त्यौहार मनाने की अपील की। समुचित सफाई, बिजली व पानी आपूर्ति के भी निर्देश दिए।
बांदा, अमृत विचार। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा है कि ईद-उल-फितर का त्योहार शान्तिपूर्ण ढंग से आपसी भाईचारे व सामाजिक सौहार्द के साथ मनायें। जिला शान्ति समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्योहार के दौरान समुचित सफाई व्यवस्था, आवारा जानवरों को बाड़ों में बंद करने, पेयजल आपूर्ति और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंताओं को निर्देशित किया कि त्योंहारों पर समुचित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ जर्जर विद्युत तारों के साथ ही खराब विद्युत पोल व ट्रान्सफार्मर तत्काल ठीक करायें। अधिशाषी अभियंता जल संस्थान व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सड़क पर जहां गड्ढे हों उनकी मरम्मत कराई जाये। जल संस्थान को पेयजल की नियमित आपूर्ति व टैंकरों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये।
उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका/नगर पंचायतों के अधिकारियों एवं जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर सफाई के साथ चूने का छिडकाव तथा नालियों की सफाई करवाई जाए। नगरपालिका परिषद/नगर पंचायतों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि आवारा जानवर व सुअरों को बाड़ों में बन्द कराया जाये। निराश्रित गौवंशों को गौशालाओं में संरक्षित करने के भी निर्देश दिये।
बैठक में उन्होंने शान्ति समिति के पदाधिकारियों से त्यौहार शान्तिपूर्ण ढंग से आपसी सौहार्द के मनाने के लिये सुझाव आमंत्रित करते हुए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को उनकी समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिये। बैठक में एडीएम उमाकान्त त्रिपाठी, अपर एसपी लक्ष्मीनिवास मिश्रा, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, सीएमओ डॉ.अनिल श्रीवास्तव समेत सम्बन्धित विभागों के अधिकारी व शान्ति समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
