रामपुर : स्वार उपचुनाव के लिए तीन प्रत्याशियों ने कराया नामांकन
प्रत्याशी तय नहीं फिर भी भाजपा की लक्ष्मी सैनी समेत 10 ने लिए नामांकन पत्र, नामांकन प्रक्रिया का आज आखिरी दिन, 10 मई को होगा मतदान और 13 को होगी मतगणना
रामपुर, अमृत विचार। बुधवार को स्वार उपचुनाव के लिए तीन लोगों ने नामांकन पत्र जमा किए जबकि, 10 नामांकन पत्र बिके। नामांकन पत्र लेने वालों में भाजपा की लक्ष्मी सैनी भी शामिल हैं। उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया का 20 अप्रैल आखिरी तिथि है। इससे पहले 13 अप्रैल को तीन और 15 अप्रैल को चार और सोमवार को एक नामांकन पत्र बिका था। स्वार उपचुनाव के लिए अब तक 18 लोग नामांकन पत्र ले चुके हैं। 10 मई को मतदान होगा जबकि, 13 मई को नवीन मंडी स्थल पर मतगणना कराई जाएगी। नामांकन प्रक्रिया के मद्देनजर फैमिली चौराहे से कलेक्ट्रेट परिसर तक भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। नामांकन प्रक्रिया का आब्जर्वर ने भी जायजा लिया।
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पर बुधवार को तीन लोगों ने नामांकन पत्र जमा किए और 10 नामांकन पत्र बिके। इससे पहले 13 अप्रैल को मोहम्मद आरिफ पुत्र बाबू हुसैन, अब्दुल कादिर पुत्र रमजानी और शिव प्रसाद पुत्र राम कुमार ने नामांकन पत्र लिए थे। शनिवार को उपचुनाव के लिए जमील हुसैन, शफीक अहमद, मोहम्मद इस्माईल और मोहम्मद इरफान ने नामांकन पत्र लिए थे और सोमवार को नाजिया सिद्दीकी ने नामांकन पत्र खरीदा था।
बुधवार को स्वार उपचुनाव के लिए दिनेश यादव पुत्र परमाल सिंह निर्दलीय, मोहम्मद वकील पुत्र खलील, लक्ष्मी सैनी पत्नी पन्ना लाल सैनी भारतीय जनता पार्टी, रफीक अहमद पुत्र हाजी जुम्मा, सुभाष सिंह पुत्र फकीर चंद्र, जाहिद अली पुत्र नोशे अली, मोहम्मद जई पुत्र हिकमतुल्ला, अर्जुन सिंह पुत्र मुन्ना लाल यादव, मुजफ्फर अली पुत्र मुख्तार अली और मिस्कीन पत्नी वाजिद ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। फिलहाल, किसी प्रमुख दल ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी नहीं की है। छजलैट मामले में अब्दुल्ला आजम की विधायकी जाने के बाद स्वार सीट पर उपचुनाव हो रहा है। छजलैट प्रकरण में मुरादाबाद की एमपी-एमएलए कोर्ट ने अब्दुल्ला आजम को दो वर्ष और तीन हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। इसके अलावा उनके छह साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगी हुई है। जिसके कारण स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र की सीट रिक्त हो गई है।
इन्होंने बुधवार को कराया नामांकन
मोहम्मद आरिफ पुत्र बाबू हुसैन, शिव प्रसाद पुत्र श्री राम कुंवर, डा. नाजिया सिद्दीकी।
नामांकन प्रक्रिया का आब्जर्वर ने लिया जायजा
कलेक्ट्रेट स्थित नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय पर हो रही स्वार उपचुनाव के लिए हो रही नामांकन प्रक्रिया का आब्जर्वर दीपांकन चौधरी ने जायजा लिया। इसके अलावा आब्जर्वर डीएमए में चल रहे निकाय चुनाव कार्मिकों के प्रशिक्षण कार्य का जायजा लेने पहुंचे।
स्वार उपचुनाव के लिए यह है कार्यक्रम
नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि- 20 अप्रैल
नामांकन पत्रों की जांच- 21 अप्रैल
नाम वापसी- 24 अप्रैल
मतदान- 10 मई
मतगणना- 13 मई
स्वार उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के लिए 20 अप्रैल अंतिम तिथि है। पहले दिन तीन लोगों ने जबकि, शनिवार को चार लोगों ने और सोमवार को एक नामांकन पत्र लिए गए और बुधवार को 10 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। नामांकन प्रक्रिया 20 अप्रैल तक कलेक्ट्रेट स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगी। -हेम सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : 'भाजपा गरीब, असहाय और सर्वसमाज की पार्टी', नगर निकाय चुनाव में जीत को लेकर बनाई रणनीति
