Nikay Chunav: Mahoba में नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन अध्यक्ष पद पर 24, सदस्य पर 135 प्रत्याशियों ने खरीदे पर्चे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोबा में नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन अध्यक्ष पद पर 24 सदस्य पद पर 135 प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे।

महोबा में नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन अध्यक्ष पद पर 24 सदस्य पद पर 135 प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे। वहीं, अध्यक्ष पद पर सपा के प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल किया।

महोबा, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव को लेकर तीसरे दिन पर्चे खरीदने वालों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। सुबह 11 बजे से ही पर्चों की खरीदारी के लिए प्रत्याशी तहसील महोबा, तहसील कुलपहाड़ और राजकीय महाविद्यालय चरखारी पहुंचे। जहां पर प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लेकर तहसील और कचहरी में अधिवक्ताओं से भरवाए, जिसके चलते सुबह से ही तहसील में खासी गहमागहमी रहे। बुधवार को जिले में नगर पंचायत कुलपहाड़ से सपा प्रत्याशी मारुति साहू ने पर्चा दाखिल किया। सपा के अलावा जिले के किसी भी नगर पालिका और नगर पंचायत में किसी भी दल के प्रत्याशी ने पर्चा नहीं दाखिल किया है। 

जिले की दो नगर पालिकाओं और तीन नगर पंचायतों के नामांकन प्रक्रिया और पर्चा खरीद का काम तेज हो गया है नामांकन स्थलों पर रिटर्निंग ऑफीसर और सहायक रिटर्निंग आफीसर तैनात कर दिए गए हैं जो प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया करा रहे हैं। बुधवार को नगर पालिका परिषद महोबा के अध्यक्ष और सदास्य पद के प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ तहसील महोबा नामांकन स्थल पर जाकर पर्चे खरीदे। बुधवार को सुबह सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव व दो समर्थकों के साथ सपा प्रत्याशी मारुति शुक्ला ने तहसील महोबा में पर्चा दाखिल किया। 

नगर पालिका परिषद महोबा में बुधवार को अध्यक्ष पद पर 6 और सभासद पद पर 40 प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे। नगर पालिका चरखारी ने अध्यक्ष पद पर 4 और सदस्य पद पर 51 पर्चे बिके। नगर पंचायत कबरई में अध्यक्ष पद पर 2 सदस्य पद पर 24, नगर पंचायत खरेला में अध्यक्ष पद पर 5 सदस्य पद पर 4, नगर पंचायत कुलपहाड़ में अध्यक्ष पद पर 7 सदस्य पद पर 16 पर्चे खरीदे गए। सुबह से ही पर्चे खरीदने के लिए प्रत्याशियों की भीड़ जुटी। सबसे ज्यादा सदस्य पद के पर्चों की बिक्री हुई। 

पैदल राहगीरों को आवागमन की मिली छूट 

नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने नामांकन स्थल से 100 मीटर की परिधि तक आवागमन पर रोक लगाने के लिए बैरियर लगा दिए गए हैं, जिसके चलते पहले दिन पैदल आने जाने वालों को भी रोक दिया गया है, लेकिन अब पैदल जाने के लिए लोगों को छूट दे दी गई है, जिससे नामांकन स्थल के आसपास थोड़ी बहुत चहल पहल बढ़ गई है। पूर्व मे नामांकन स्थल वाले मार्ग पर पैदल जाना भी बंद कर दिया गया।

संबंधित समाचार