अयोध्या : पूर्व जिला पंचायत सदस्य व दारोगा के परिजनों को घर में बन्द कर, चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर और नकदी
अमृत विचार, अयोध्या । रौनाही थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात चोरों ने खूब उत्पात मचाया। देवराकोटा गांव में पूर्व जिला पंचायत सदस्य व एक दारोगा के घर में घुसे चोरों ने लोगों को बंधक बनाकर साढ़े पांच लाख के आभूषण व तकरीबन तीन लाख की नगदी पार कर दी। आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने कुछ दूर जाकर दो और घरों में चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन लोगों की आहट मिलते ही वे भाग खड़े हुए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और डॉग स्क्वायड की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
देवराकोट गांव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य आशा सिंह के पति अर्जुन सिंह गुड्डू ईंट भट्ठा संचालक हैं। अर्जुन सिंह ने 4-5 चोरों के होने की आशंका जाहिर की है। उनके मुताबिक चोरों ने घर में घुसकर कमरों में सो रहे लोगो की कुंडी बाहर से लगा कर सभी को बन्द कर दिया। रात लगभग 3 बजे हुई इस चोरी में एक कमरे का ताला तोड़ चोरों ने जमकर लूटा। ढाई लाख की नकदी सहित करीब 5 लाख के कीमती आभूषण चोर उठा ले गए। इनमें सोने का हार, कंगन, बेंदी, जंजीर, चांदी की पायल, करधनी आदि शामिल है। किसी तरह घर के लोग बाहर निकले तो चोर छत के रास्ते पीछे से भाग निकले।
थाने में दी गई शिकायत में आरोप है पहले अर्जुन सिंह के घर में पीछे के रास्ते से छत पर चढ़े चोरों ने जीने में लगी सिटकनी तोड़ कर घर में घुसे थे। इसके बाद चोरों ने प्रयागराज में तैनात उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के घर को भी इसी तर्ज पर लूटा, जहां से लगभग ढाई लाख के आभूषणों पर चोरों ने हाथ साफ किया है।
बच गया दुर्गा व भीम सेन का घर
आरोपियों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य और दारोगा के घर चोरी करने के बाद भी दो घरों में हाथ साफ करने का प्रयास किया था। चोर गांव के ही दुर्गा पांडेय और भीम सेन के घर में भी चोरी करने की नीयत से घुस रहे थे, लेकिन ऐन वक्त पर दोनों घरों के लोगों की आंखें खुल गईं और चोरों को भागना पड़ गया।
बताया जा रहा है कि उक्त दोनों घरों में हुई घटना से कुछ ही दूर पर दुर्गा पांडेय और भीम सेन का भी घर था। फॉरेंसिक, एसओजी और डॉग स्क्वायड मौके पर हाईप्रोफाइल लोगों के घरों में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। घंटों चली तफ्तीश व पूछताछ के बाद मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स, डॉग स्क्वायड की टीम और एसओजी के कर्मी भी पहुंच गए।
वर्जन
चोरी की घटना की जानकारी मिली है। फिलहाल अभी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के यहां हुई चोरी की तहरीर मिली है। दो घरों में वारदात हुई है। केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
- संतोष सिंह, थाना प्रभारी, रौनाही
ये भी पढ़ें - अयोध्या : दंगा और बवाल से निपटने को पुलिस ने किया ड्रिल अभ्यास, तथा दी आवश्यक हिदायत
