बरेली: प्रत्याशी घोषणा के पहले कार्यक्रम से नेता नदारद तो प्रभारी पहुंचे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सपा के मेयर प्रत्याशी की घोषणा के बाद पहले कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ता की गैरमौजूदगी ने पार्टी में चिंता की लकीर खींच दी है। नेताओं की गैरमौजूदगी ने प्रत्याशी को भी सकते में डाल दिया है। पार्टी में नेताओं और कार्यकर्ताओं का यह हाल देखकर लखनऊ से चुनाव प्रभारी महबूब अली बरेली आए। यहां उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर सभी से एकजुट होकर चुनाव लड़ाने की बात कही।

फतेहगंज पश्चिमी में एक बारात घर में रुके चुनाव प्रभारी ने नेताओं को फोन करके बुला लिया। बैठक में जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, सपा प्रत्याशी संजीव सक्सेना, विधानसभा चुनाव प्रत्याशी राजेश अग्रवाल, पूर्व विधायक विजय पाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, सुरेश गंगवार आदि लोग मौजूद थे। उन्होंने राजेश अग्रवाल से सपा प्रत्याशी के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने का कारण पूछा। राजेश ने उन्हें शहर से बाहर होने की बात कही। 

उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्याशी के अलावा वे किसी और को क्यों लड़ाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता होने का हवाला देते हुए उन्होंने तन मन से मेयर प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने की बात कही। चुनाव प्रभारी ने पूर्व सांसद से भी फोन पर बात की। इसके अलावा कार्यक्रम में नहीं आने वाले नेताओं से भी फोन पर बात की। प्रभारी ने बैठक में सभी नेताओं से एकजुटता से प्रत्याशी को चुनाव लड़ाकर जिताने की बात कही है। प्रभारी ने संजीव सक्सेना से कहा कि पार्टी ने कायस्थ समाज के व्यक्ति को टिकट दिया है। यह बड़ी बात है। उन्होंने संजीव से पूछा कि समाज का कितना वोट आपके साथ है। संजीव ने प्रभारी से दावा किया है कि 70 फीसदी कायस्थ समाज उनके साथ है। प्रभारी ने कहा कि तब तो एक लाख से ज्यादा वोटों की जीत सपा प्रत्याशी की पक्की है। उन्होंने अगम मौर्य को आंवला और विजयपाल सिंह को फरीदपुर के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की बात कही है।

ये भी पढे़ं- बरेली: दो करोड़ से कैंट क्षेत्र की जर्जर सड़कों की होगी मरम्मत, राज्य मुख्यालय से प्रस्ताव को मिली मंजूरी

 

संबंधित समाचार