कानपुरवासियों के लिए अच्छी खबर, दक्षिण के लोगों को मिलेगा सौ बेड का अस्पताल, इतने करोड़ की लागत से हो रहा तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर दक्षिण के लोगों को मिलेगा सौ बेड का अस्पताल।

कानपुर दक्षिण के लोगों को मिलेगा सौ बेड का अस्पताल। 44.44 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल तैयार हो रहा। आईसीयू, एचडीयू, ब्लड बैंक, आपरेशन थिएटर व रेस्ट रुम की सुविधाएं रहेगी।

कानपुर, अमृत विचार। दक्षिण क्षेत्र में रहने वालों को अब इलाज के लिए भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस साल के अंत तक उनके क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस चार मंजिला सौ शैय्या जिला अस्पताल का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा होने वाला है, जिससे दक्षिण की एक बड़ी आबादी को सुविधा होगी। शहर के हाइवे से सटे होने के कारण आसपास के जिलों को बहुत सहूलियत मिलेगी।   

नौबस्ता मौरंग मंडी में सौ शैय्या जिला अस्पताल 2024 की शुरूआत में क्षेत्र की जनता के लिए खोला जाएगा, जिससे उन्हें इलाज के लिए शहर के जाम व अन्य समस्याओं से निजात मिलेगी। 44.44 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे अस्पताल में 5 टावर होंगे, जिसका मुख्य भवन चार मंजिला होगा। अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर में इमरजेंसी, ओपीडी व मेडिकल स्टोर रहेगा। पहली मंजिल पर आपरेशन थिएटर, आईसीयू, एचडीयू आदि के साथ दूसरी मंजिल पर पैथोलाजी, कैंटीन के अलावा ब्लड बैंक की सुविधाएं रहेंगी, जिससे मरीज के तीमारदारों को ब्लड की आवश्यकता व जांचों के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।

साथ ही तीसरी मंजिल पर तीमारदारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेस्ट रूम के साथ पुरुष व महिला वार्डों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा अस्पताल में शव ग्रह का भी निर्माण कराया जा रहा है। किदवई नगर क्षेत्र के विधायक महेश त्रिवेदी ने बताया कि दक्षिण वासियों को इलाज के लिए हैलट व उर्सला भागना पड़ता था। जिससे कई बार शहर के जाम में फंस कर मरीजों के जान तक चली गई है। दक्षिण वासियों को उचित इलाज की व्यवस्था के लिए कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए गए है। 

डाक्टरों के लिए भी रहेंगी सुविधाएं

निर्माणाधीन सौ शैय्या अस्पताल में अन्य जनपदों से नियुक्त होकर आने वाले सीनियर डाक्टरों व मेडिकल स्टाफ के लिए एक टावर में ठहरने के इंतजाम भी रहेंगें, जिससे किसी भी गंभीर परिस्थितियों में डाक्टरों की टीम मुहैया कराई जा सके। इसके साथ ही अस्पताल में घरों से दूर ड्यूटी करने वाली नर्सों के रहने की नर्सिंग हास्टल का भी निर्माण कराया जा रहा है।

इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

दक्षिण में सौ शैय्या अस्पताल के निर्माण से बर्रा, गुजैनी, नौबस्ता, यशोदा नगर,ख् आनंदपुरी, किदवई नगर, बाबूपुरवा, जूही, कर्रही, बारादेवी, रतनलाल नगर, घाटमपुर, रमईपुर के साथ कानपुर देहात, फतेहपुर, उन्नाव जनपद के लोगों को भी राहत मिलेगी।

संबंधित समाचार