Rudrapur News: पहाड़ों में हुई बारिश से तराई का टेंपरेचर 6 डिग्री सेल्सियस गिरा, लोगों ने ली राहत की सांस

Rudrapur News: पहाड़ों में हुई बारिश से तराई का टेंपरेचर 6 डिग्री सेल्सियस गिरा, लोगों ने ली राहत की सांस

रुद्रपुर, अमृत विचार। तराई में पिछले एक सप्ताह तक लगातार गर्मी बढ़ने के बाद विगत दिवस पहाड़ों में बारिश और तराई में कई स्थानों में बूंदाबांदी होने से तराई के अधिकतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है। तापमान गिरने से लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं, मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है।

तराई में पिछले एक सप्ताह से लगातार वृद्धि होती जा रही थी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री से बढ़कर 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं विगत दिवस पहाड़ों में बारिश होने से तराई  का अधिकतम तापमान गिरकर 32.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यानी तापमान में 6.3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आयी है। इससे तराई के लोगों ने राहत की सांस ली है।

जीबी पंत विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को तराई का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी की मात्रा 31 फीसदी रही। जबकि दक्षिण-पश्चिम दिशा से 14.5 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। मौसम वैज्ञानिक डॉ. सिंह ने बताया कि पहाड़ों में हुई बारिश और तराई में बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई है। 

यह भी पढ़ें- Rudrapur News: यूएसनगर में स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सैंपलिंग, प्रतिदिन लिए जा रहे हैं 300 सैंपल