हल्द्वानी: दीपक सिसौदिया के घर कुर्की के लिए पहुंची पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहुचर्चित पत्रकार ज्योतिर्मय डे हत्याकांड का सजायाफ्ता है दीपक

7 साल पुराने मामले में अदालत ने दिए थे दीपक के घर की कुर्की के आदेश

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुंबई में पत्रकार जेडे हत्याकांड के बाद चर्चा में आए दीपक सिसौदिया के घर पुलिस कुर्की के लिए पहुंची, लेकिन दीपक के नाम पर पुलिस को उसके घर में कुछ नहीं मिला और पुलिस बैरंग लौट गई।

जीतपुर नेगी रामपुर रोड निवासी दीपक सिसौदिया का 7 साल पहले गौलापार के एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। इस मामले में दीपक सिसौदिया कई नोटिसों के बावजूद कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। जिसके बाद कोर्ट ने दीपक सिसौदिया के घर की कुर्की के आदेश दिए।

इस मामले में काठगोदाम पुलिस उसके घर कुर्की के लिए पहुंची, लेकिन घर में दीपक सिसौदिया के नाम पर कोई सामान या संपत्ति नहीं मिली। इस पर पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। दरअसल, कई साल पहले हुए ज्योतिर्मय डे हत्याकांड में दीपक सिसौदिया अजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी और वह एक अर्से से साबरमती जेल महाराष्ट्र में कैद था।

पिछले साल दीपक सिसौदिया पैरोल लेकर जेल से बाहर आया था। बताया जाता है कि पैरोल लेने के बाद वह अपने घर भी पहुंचा था और फिर यहीं से फरार हो गया। मामला तब खुला, जब पैरोल की अवधि खत्म होने के बाद भी दीपक वापस जेल नहीं पहुंचा। जिसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने हल्द्वानी पहुंच कर हल्द्वानी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। दीपक सिसौदिया का आज तक पता नहीं कि वह कहां है। 

 

संबंधित समाचार